Home विश्व वियतनाम में बड़ा हादसा, भारतीय पर्यटकों से भरी स्पीडबोट पलटी; कम से...

वियतनाम में बड़ा हादसा, भारतीय पर्यटकों से भरी स्पीडबोट पलटी; कम से कम 15 लोगों की मौत

एक साल पहले जुलाई 2025 में भी वियतनाम के हा लॉन्ग बे में एक बड़ा नौका हादसा हुआ था। उस दुर्घटना में 35 लोगों की मौत हुई थी।

0
Vietnam Incident
फोटो- X

वियतनाम के दक्षिणी हिस्से में स्थित फु क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों से भरी एक स्पीडबोट पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की मौत की शुरुआती खबरें आई हैं। स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव अभियान चला रहा है। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार कई लोगों की तलाश जारी है। मृतकों में 10 तमिलनाडु से हैं। इसके अलावा तीन आंध्र प्रदेश और दो लोग केरल से हैं।

वियतनामी न्यूज वेबसाइट वीएनएक्सप्रेस इंटरनेशनल के अनुसार ओशन पर्ल आइलैंड कंपनी की स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक और चालक दल के 4 सदस्य सवार थे। यह नाव होन मे रुट (Hon May Rut) से एन थोई पोर्ट (An Thoi Port) जा रही थी। दोपहर करीब 1 बजे होन मे रुट एन्गोआई (Hon May Rut Ngoai) से लगभग 400 मीटर दूर स्पीडबोट अचानक पलट गई, जिससे सभी लोग समुद्र में गिर गए।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद दूसरी पर्यटन नौकाएं घटनास्थल पर पहुंचीं। बचाव कार्य में शामिल एक बोट ऑपरेटर ने बताया कि उनकी नाव करीब 5 मिनट में मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन कई यात्री पलटी हुई नाव के अंदर फंसे हुए थे, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन काफी मुश्किल हो गया। उसने बताया कि ‘बहुत कम लोगों को ही होश की हालत में बाहर निकाला जा सका।’

भारतीय दूतावास ने क्या बताया है?

हादसे के बाद वियतनाम में भारतीय दूतावास ने कहा कि वह पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि हादसे के सही कारणों और प्रभावित लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा स्थानीय प्रशासन का सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के समय एन थोई के समुद्री क्षेत्र में मौसम काफी खराब था। हालांकि बारिश नहीं हो रही थी, लेकिन समुद्र में तेज लहरें थीं। इसके बावजूद इलाके में पर्यटन नौकाओं का संचालन जारी था। स्पीडबोट ऑपरेट करने वाली कंपनी ने बताया कि यह नाव नियमित आइलैंड-हॉपिंग टूर पर थी। नाव का कप्तान 50 वर्ष से अधिक उम्र का था और उसे यात्री नौकाएं चलाने का कई वर्षों का अनुभव रहा है।

लोकप्रिय पर्यटन स्थल है मे रुट द्वीप

जिस मे रुट द्वीप (May Rut) की ओर स्पीडबोट जा रही थी, वह फु क्वोक के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां के साफ समुद्री पानी, सफेद रेत वाले समुद्र तट और कोरल रीफ पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। यहां स्नॉर्कलिंग और डाइविंग जैसी गतिविधियां भी खूब कराई जाती हैं।

वैसे, लगभग एक साल पहले जुलाई 2025 में भी वियतनाम के हा लॉन्ग बे में एक बड़ा नौका हादसा हुआ था। उस दुर्घटना में 48 लोगों को ले जा रही एक पर्यटक नाव तेज तूफान के कारण पलट गई थी, जिसमें कम से कम 35 लोगों की मौत हुई थी। उस हादसे के बाद वियतनाम में समुद्री सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियों को लेकर गंभीर सवाल उठे थे।

यह भी पढ़ें- ताइवान-चीन की ओर बढ़ रहा शक्तिशाली तूफान ‘बावी’, फिलीपींस में 15 लोगों की मौत, भारत के लिए क्या हैं इसके मायने?

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version