Home भारत Video: परिवार के साथ खौफनाक वारदात, छेड़छाड़ के विरोध पर 15 किमी...

Video: परिवार के साथ खौफनाक वारदात, छेड़छाड़ के विरोध पर 15 किमी तक किया गया पीछा; कार की खिड़कियां तोड़ी

पुलिस ने बताया कि आरोपियों तक पहुंचने में घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, पीड़ित परिवार द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो से महत्वपूर्ण सुराग मिले। मामले में 9 आरोपियों को अभी गिरफ्तार किया गया है। एक फरार है।

0
Nasik incident
फोटो- X

महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक परिवार के लिए गुजरे हफ्ते के अंत में भावली डैम की सैर डरावने अनुभव में बदल गई। आरोपों के अनुसार परिवार की एक महिला सदस्य से छेड़छाड़ का विरोध करने पर कुछ युवकों ने इनका करीब 15 किलोमीटर तक पीछा किया और रास्ते में उनकी कार पर हमला भी किया। इस दौरान कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। परिवार द्वारा घटना का वीडियो शेयर किए जाने के बाद पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार घटना रविवार को इगतपुरी में हुई। भागवत परिवार यहां घूमने आया था। भावली डैम इलाका यहां का लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। इसी दौरान कुछ युवकों ने परिवार की एक महिला सदस्य पर कथित तौर पर सीटी बजाई और अभद्र टिप्पणी की। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।

विवाद के बाद परिवार वहां से निकल गया, लेकिन आरोपी पीछे नहीं हटे। उन्होंने परिवार की कार का पीछा करना शुरू कर दिया। करीब 15 किलोमीटर तक पीछा करने के दौरान आरोपियों ने कार पर हमला किया। इस दौरान लोहे की रॉड से कार के शीशे तोड़ दिए गए और वाहन को नुकसान पहुंचाया गया। जान बचाने के लिए परिवार को तेज रफ्तार में वहां से भागना पड़ा। इस घटना का वीडियो वायरल है।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नासिक के एसपी डीएस स्वामी ने कहा, ‘मामला ज़ुबानी बहस से शुरू हुआ और अगले 7-8 किलोमीटर तक बढ़ता चला गया। झगड़ा तब शुरू हुआ जब एक व्यक्ति ने सीटी बजाई; हालांकि वे शुरू में वहां से चले गए थे, लेकिन बाद में टकराव और बढ़ गया। सुरक्षा व्यवस्था काफी बढ़ा दी गई है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।’

पीड़ित परिवार ने क्या बताया?

पीड़ित परिवार की सदस्य पूनम भागवत ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि विरोध और कहासुनी के बाद आरोपियों ने अपने दूसरे साथियों को भी बुला लिया। पूनम के अनुसार उनके पति के साथ मारपीट की गई और पूरे परिवार को धमकियां दी गईं। परिवार जैसे ही कार से वहां से निकला, आरोपी एक सफेद बलेनो कार ( (MH 46 BE 3721) और एक हीरो मोटरसाइकिल ((MH 15 KA 4502) पर उनका पीछा करने लगे।

वहीं, घटना के बाद कार्रवाई को लेकर पुलिस का कहना है कि जांच में दो लोगों की मुख्य आरोपी के रूप में पहचान हुई है। घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है, जिसके पालघर क्षेत्र में छिपे होने की आशंका है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों तक पहुंचने में घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, पीड़ित परिवार द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो और तकनीकी विश्लेषण से महत्वपूर्ण सुराग मिले। गिरफ्तार आरोपियों में भोइर नाम के एक शख्स के खिलाफ पहले से भी हत्या का मामला दर्ज है।

नासिक एसपी DS स्वामी ने कहा, ‘यह पक्का करने के लिए कि टूरिज़्म पर कोई असर न पड़े, सख्त कानूनी धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है।’

अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने इलाके के सीसीटीवी फुटेज और पीड़ितों द्वारा शेयर किए गए वीडियो की जांच करके संदिग्धों का पता लगाया। इससे पुलिस को इसमें शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने में मदद मिली। फिलहाल मामले की जांच जारी है और एक फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- होर्मुज हमलों में भारतीय नाविक की मौत के बाद भारत का कड़ा रुख, ईरानी राजनयिकों को किया तलब

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version