Home भारत वीडी सतीशन ने ली केरल मुख्यमंत्री पद की शपथ, 20 मंत्री भी...

वीडी सतीशन ने ली केरल मुख्यमंत्री पद की शपथ, 20 मंत्री भी बने

कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों अहम पद भी अपने पास रखे हैं। वरिष्ठ नेता तिरुवनचूर राधाकृष्णन को विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि शनिमोल उस्मान उपाध्यक्ष होंगी।

0
10 साल बाद केरल में सत्ता परिवर्तन, वीडी सतीशन, केरल के नए सीएम कौन, कांग्रेस
10 साल बाद केरल में सत्ता परिवर्तन, वीडी सतीशन बने मुख्यमंत्री; 20 मंत्री भी बने। IANS

वीडी सतीशन ने रविवार को केरल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली। राजधानी तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। 2001 से लगातार परवूर सीट से विधायक चुने जाते रहे वीडी सतीशन पहली बार किसी सरकारी पद पर पहुंचे हैं। विपक्ष के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे सतीशन को कांग्रेस ने चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया था।

सतीशन के शपथ लेते ही केरल में पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे के एक दशक लंबे शासन का औपचारिक अंत हो गया। करीब 15 साल बाद कांग्रेस नेतृत्व वाला यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) राज्य की सत्ता में लौटा है। इससे पहले दिवंगत ओमान चांडी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार सत्ता में रही थी।

राहुल-प्रियंका समेत कांग्रेस के कई दिग्गज पहुंचे

शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने इसे केरल की ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि जनता ने 10 साल के एलडीएफ शासन को खारिज कर दिया है और अब यूडीएफ की जिम्मेदारी है कि वह राज्य को बेहतर सरकार दे।

सतीशन के साथ 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने भी शपथ ली। इसमें कांग्रेस, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML), आरएसपी, केरल कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के नेताओं को जगह दी गई है। सबसे ज्यादा कांग्रेस से ही मंत्री बने हैं।

नई सरकार में कई नए चेहरों को भी शामिल किया गया है। नई कैबिनेट में 14 विधायक पहली बार मंत्री बने हैं। इनमें सीपी जॉन, एन शम्सुद्दीन, केएम शाजी, पीके बशीर, वीई अब्दुल गफूर, पीसी विष्णुनाथ, रोजी एम जॉन, बिंदु कृष्णा, टी सिद्दीकी, केए थुलसी और ओजे जनीश जैसे नाम शामिल हैं। नई टीम में कई नए चेहरों को जगह देकर यूडीएफ ने अनुभव और युवा नेतृत्व के संतुलन पर जोर दिया है।

कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों अहम पद भी अपने पास रखे हैं। वरिष्ठ नेता तिरुवनचूर राधाकृष्णन को विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि शनिमोल उस्मान उपाध्यक्ष होंगी। विधायकों के शपथ ग्रहण के बाद 22 मई को विधानसभा अध्यक्ष का औपचारिक चुनाव होगा। वहीं, राज्यपाल का नीतिगत अभिभाषण 29 मई को प्रस्तावित है। नई सरकार 5 जून तक अपना पहला बजट पेश कर सकती है।

नए मंत्रिमंडल में शामिल मंत्री

क्रमांकनेतादल
1रमेश चेन्नीथलाकांग्रेस
2सनी जोसेफकांग्रेस
3के. मुरलीधरनकांग्रेस
4एपी अनिल कुमारकांग्रेस
5पीसी विष्णुनाधकांग्रेस
6रोजी एम जॉनकांग्रेस
7बिंदु कृष्णाकांग्रेस
8एम लिजूकांग्रेस
9टी सिद्दीकीकांग्रेस
10केए थुलसीकांग्रेस
11ओजे जनीशकांग्रेस
12पीके कुन्हालिकुट्टीIUML
13एन शम्सुद्दीनIUML
14केएम शाजीIUML
15पीके बशीरIUML
16वीई अब्दुल गफूरIUML
17मॉन्स जोसेफकेरल कांग्रेस
18अनूप जैकबकेरल कांग्रेस (जैकब)
19शिबू बेबी जॉनRSP
20सीपी जॉनCMP

हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में यूडीएफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 140 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीतीं। अकेले कांग्रेस ने 63 सीटों पर जीत दर्ज की, जो राज्य में उसका अब तक का शानदार प्रदर्शन माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और सत्ता विरोधी माहौल ने एलडीएफ सरकार के खिलाफ जनमत तैयार किया।

ये भी पढ़ेंः चारधाम यात्रा के दौरान 19 अप्रैल से अब तक हुईं 53 मौतें, केदारनाथ में सर्वाधिक ने गंवाई जान

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version