Homeभारतभीषण गर्मी के बीच UP में बिजली कटौती का मुद्दा गरमाया, BJP...

भीषण गर्मी के बीच UP में बिजली कटौती का मुद्दा गरमाया, BJP विधायक सहित अखिलेश यादव और मायावती ने उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने बढ़ती मांग के बावजूद उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण प्रणालियों को मजबूत करने में विफल रहने का आरोप राज्य सरकार पर लगाया है। मायावती ने भी पावर कट पर सवाल उठाए हैं।

लखनऊ: भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश में बिजली कटौती को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इस बीच तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं। सत्ताधारी भाजपा सहित और विपक्षी दलों के विधायकों और नेताओं ने भी बिगड़ते बिजली संकट को लेकर राज्य के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा को पत्र और सोशल मीडिया पर संदेश लिखे हैं।

गोंडा सदर से भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने शुक्रवार को एक पत्र लिखकर गोंडा जिले और अपने विधानसभा क्षेत्र में ‘गंभीर बिजली संकट’ की बात कही है। इस मुद्दे को ‘बेहद संवेदनशील और जरूरी’ बताते हुए सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली कटौती से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सामान्य जीवन सहित कार्यस्थल और व्यावसायिक गतिविधियां भी बाधित हो रही हैं।

अपने पत्र में सिंह ने ट्रांसफॉर्मर पर अधिक भार, तूफानों के कारण तार टूटने और बढ़ती मांग को लेकर बुनियादी ढांचे पर पड़ रहे दबाव जैसी तकनीकी चुनौतियों की बात को भी स्वीकार किया, लेकिन कहा कि लंबे समय तक और अनियमित बिजली आपूर्ति बाधित रहने से जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।

भाजपा विधायक ने उर्जा मंत्री से निर्बाध बिजली आपूर्ति, विशेष रूप से रात के समय, सुनिश्चित करने के लिए एक आपातकालीन व्यवस्था बनाने का आग्रह किया और स्थायी समाधान के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

इसके अलावा बिस्वा से भाजपा विधायक निर्मल वर्मा ने भी ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर कहा कि सीतापुर जिले में उनके निर्वाचन क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में कई दिनों से लगातार निर्धारित बिजली कटौती हो रही है। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती से व्यापार, कृषि और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और अधिकारियों से जल्द से जल्द सामान्य आपूर्ति बहाल करने का आग्रह किया।

अखिलेश यादव और मायावती ने भी उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस संकट को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। एक अपील में उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि वे बिजली लाइनकर्मियों और बिजली विभाग से जुड़े कनिष्ठ कर्मचारियों पर अपना गुस्सा न निकालें, क्योंकि ‘बड़े पैमाने पर संविदा कर्मचारियों की छंटनी’ के बाद वे पहले से ही दबाव में काम कर रहे हैं।

अखिलेश यादव ने बढ़ती मांग के बावजूद उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण प्रणालियों को मजबूत करने में विफल रहने का आरोप राज्य सरकार पर लगाया है।

दूसरी ओर बसपा प्रमुख मायावती ने भी भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश में बिजली की स्थिति की आलोचना करते हुए कहा कि अपर्याप्त बिजली आपूर्ति और बार-बार बिजली कटौती की शिकायतों से राज्य भर के लोगों का जीवन ‘अति कष्टदायक’ हो गया है।

मायावती ने लिखा, ‘उत्तर प्रदेश जैसे विशाल आबादी वाले राज्य में भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली की कम अपूर्ति व कटौती आदि की आम शिकायतों व उसको लेकर विशेषकर ग़रीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यापारियों व अन्य करोड़ों मेहनतकश लोगों का जीवन अति-कष्टदायी बना हुआ है तथा इसको लेकर लोग विभिन्न रूपों में अपना आक्रोश भी प्रकट कर रहे हैं, जिसकी चर्चा मीडिया में भी काफी व निरन्तर रहती है। अतः सरकार से अपील है कि वह बिजली आपूर्ति सम्बंधी लोगों के कष्ट व परेशानियों को ध्यान में रखते हुये ज़रूरी उपाय तत्काल सुनिश्चित करे। इसके साथ ही, नये पावर प्लाण्ट आदि के माध्यम से भी आगे के लिये बिजली आपूर्ति की स्थिति को सुधारने का प्रयास करे तो यह व्यापक जनहित में उचित होगा।’

नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी उर्जा मंत्री अरविंद शर्मा को पत्र लिखकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में बिगड़ती बिजली कटौती की समस्या का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि छात्र, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

भाजपा से ही विधायक नीरज वोरा (लखनऊ उत्तर) और राजेश्वर सिंह (सरोजिनी नगर) ने भी राज्य की राजधानी और आसपास के जिलों को प्रभावित करने वाली बिजली कटौती को लेकर शिकायत की है और राज्य के ऊर्जा मंत्री से सुधार लाने के उपाय लागू करने का आग्रह किया।

यह भी पढ़ें- प्राइवेट स्कूल बिना सरकारी मंजूरी बढ़ा सकते हैं फीस, दिल्ली HC ने शिक्षा निदेशालय के आदेश किए रद्द

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular