Home भारत उत्तर प्रदेशः नौकरशाही में बड़ा फेरबदल, 46 आईएएस अधिकारियों का हुआ तबादला

उत्तर प्रदेशः नौकरशाही में बड़ा फेरबदल, 46 आईएएस अधिकारियों का हुआ तबादला

उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। यहां पर 46 आईएएस अधिकारियों का तबादला हुआ है। इनमें 3 मंडलायुक्त भी शामिल हैं। इसके अलावा 10 डीएम का भी तबादला हुआ है।

uttar pradesh bureaucracy transfer 46 officers including 3 commissioners and 10 dm, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में बड़ा फेरबदल

लखनऊः उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में मंगलवार, 28 अक्टूबर को बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। 3 मंडलायुक्त समेत 10 डीएम और अन्य अधिकारियों का तबादला हुआ है। वहीं, कुछ अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। योगी सरकार का यह फेरबदल एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने से पहले किया गया है।

मिर्जापुर, सहारनपुर और मेरठ के मंडलायुक्त बदले गए हैं। वहीं, कौशाम्बी, ललितपुर, बलरामपुर, श्रावस्ती, रामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, चित्रकूट, सीतापुर, हाथरस जिलों के डीएम बदले गए हैं।

वाराणसी में चार अधिकारियों का तबादला

वाराणसी में चार आईएएस अधिकारियों का भी तबादला हुआ है। यहां पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त और अतिरिक्त जिलाधिकारी का तबादला किया गया है।

मिर्जापुर के मंडलायुक्त बाल कृष्ण त्रिपाठी को उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव बनाया गया है। उनके स्थान पर अब राजेश कुमार को मंडलायुक्त बनाया गया है। इससे पहले वह मत्स्य महानिदेशक के पद पर तैनात थे।

यह भी पढ़ें – महागठबंधन का घोषणापत्र: 25 लाख तक मुफ्त इलाज से लेकर सरकारी नौकरी तक…’तेजस्वी प्रण’ में वादों की झड़ी

राजेश कुमार के स्थान पर श्रीमती धनलक्ष्मी के को महानिदेशक बनाया गया है। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग की सदस्य थी।

वहीं, संजय कुमार सार्वजनिक उद्यम क्षेत्र के महानिदेशक थे। उन्हें अब इस जिम्मेदारी के साथ उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग के सदस्य के रूप में अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

उत्तर प्रदेश विद्युत राज्य विद्युत उत्पादन निगम तथा उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कार्पोरेशन के प्रबंध निदेशक डा. रूपेश कुमार को सहारनपुर का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है।

अटल कुमार राय को बनाया गृह विभाग का प्रमुख

अटल कुमार राय को गृह विभाग का सचिव बनाया गया है। इससे पहले वह सहारनपुर के मंडलायुक्त थे। डा. ऋषिकेश भास्कर याशोद मेरठ के मंडलायुक्त थे, उन्हें राजस्व विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, राहत आयुक्त एवं चकबंदी आयुक्त, उत्तर प्रदेश का सचिव बनाया गया है।

उनके स्थान पर भानुचंद्र गोस्वामी को मेरठ का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है।

मयूर माहेश्वरी को उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उद्पादन निगम और उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कार्पोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एनआरआई सेल के प्रभारी और लीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे थे।

मयूर माहेश्वरी के पूर्व पदों की जिम्मेदारी विजय किरन आनंद को अतिरिक्त रूप से सौंपी गई है। वह अवस्थापना और औद्योगिक विकास विभाग के सचिव तथा इनवेस्ट यूपी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और कुंभ मेला अधिकारी के रूप में कार्य कर रहे थे। उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें – केन्या में विमान हादसा, मसाई मारा जा रहे 12 विदेशी पर्यटकों की मौत, क्या वजह आई सामने?

राहुल पाण्डेय हाथरस के जिलाधिकारी पद पर तैनात थे। उन्हें अब राज्य कर विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। राहुल पाण्डेय के स्थान पर अतुल वत्स को हाथरस का जिलाधिकारी बनाया गया है। वह गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष थे।

वहीं, अमनदीप डुली को मनरेगा उत्तर प्रदेश का अपर आयुक्त बनाया गया है। वह ललितपुर के जिलाधिकारी के पद पर तैनात थे। हिमांशु नागपाल को वाराणसी का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। वह वाराणसी के मुख्य विकास अधिकारी थे।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version