लखनऊः भीषण गर्मी और लू से झुलस रहे उत्तर प्रदेश और एनसीआर के लोगों को शुक्रवार सुबह मौसम ने बड़ी राहत दी। तेज आंधी, बारिश और धूल भरी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने कई दिनों बाद राहत की सांस ली। लेकिन मौसम का यह बदला हुआ मिजाज अपने साथ तबाही की तस्वीरें भी लेकर आया।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के कारण पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर पड़े और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कुछ जगहों पर मकान और निर्माणाधीन ढांचे भी क्षतिग्रस्त हुए। आकाशीय बिजली और आंधी से कई लोगों की जान चली गई, जबकि कई घायल हुए हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और आसपास के क्षेत्रों के लिए 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में गरज-चमक, भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
गर्मी से राहत, लेकिन खतरा बरकरार
एनसीआर में गुरुवार शाम से मौसम ने अचानक करवट ली। तेज बारिश और आंधी के बाद तापमान में गिरावट आई। पिछले कई दिनों से लगातार पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी और हीटवेव के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा था।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक एनसीआर में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दिनभर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
29 मई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 30 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 31 मई तक आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि 3 जून के बाद मौसम साफ होने और गर्मी फिर से बढ़ने की संभावना जताई गई है।
यूपी में आंधी का कहर
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार रात और गुरुवार सुबह तेज हवाओं और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने से बड़ा हादसा हुआ, जिसमें छह मजदूरों की मौत हो गई।
नोएडा के सेक्टर-63 इलाके में तेज आंधी के दौरान दीवार गिरने से 15 वर्षीय एक बच्चा घायल हो गया। रायबरेली में घर के बाहर सो रही महिला पर पेड़ गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कौशांबी में भी दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तेज आंधी के दौरान घर पर पेड़ गिरने से मां, बेटे और बेटी की मौत हो गई।
हाथरस, फिरोजाबाद, मथुरा, एटा, कासगंज और आसपास के कई जिलों में बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। कई इलाकों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
सीएम योगी ने दिए राहत और मुआवजे के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी और बारिश से हुए हादसों का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का तत्काल आकलन करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर राहत राशि उपलब्ध कराई जाए। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में जाकर स्थिति की निगरानी करने और प्रभावित लोगों की हर संभव मदद सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सरकार ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि वे प्रभावित परिवारों के साथ लगातार संवाद बनाए रखें और राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न हो।
इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने आगरा, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, हरदोई, लखीमपुर खीरी, इटावा, औरैया, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।



