Home भारत उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी...

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, चॉपर में भरा धुआं

इस विमान में केशव प्रसाद मौर्या, उनके सहयोगी विवेक और दो पायलट समेत कुल पांच लोग सवार थे। हेलीकॉप्टर ने लखनऊ के ला मार्टिनियर कॉलेज ग्राउंड के हेलीपैड से उड़ान भरी ही थी कि उसमें खराबी आ गई। हालांकि, हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।

up deputy cm keshav prasad maurya, केशव प्रसाद मौर्य
फोटोः आईएएनएस

लखनऊः उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। द हिंदू ने शनिवार (7 मार्च) को सूत्रों के हवाले से लिखा कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को लेकर कौशांबी जा रहे एक हेलीकॉप्टर को लखनऊ से उड़ान भरने के तुरंत बाद तकनीकी खराबी आने के कारण आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में अचानक धुआं भर गया जिसके चलते इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।

श्री मौर्य के करीबी भाजपा नेता के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री कौशांबी में कई कार्यक्रमों में शामिल होने जा रहे थे।

केशव प्रसाद मौर्य समेत सवार थे 5 लोग

इस विमान में केशव प्रसाद मौर्या, उनके सहयोगी विवेक और दो पायलट समेत कुल पांच लोग सवार थे। हेलीकॉप्टर ने लखनऊ के ला मार्टिनियर कॉलेज ग्राउंड के हेलीपैड से उड़ान भरी ही थी कि उसमें खराबी आ गई। हालांकि, हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।

सुरक्षा कारणों से हेलीकॉप्टर की पूरी जांच हो रही है। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सड़क मार्ग से कौशांबी जाने का निर्णय लिया है।

भाजपा नेता ने बताया, “उड़ान भरने के तुरंत बाद हेलीकॉप्टर के अंदर धुआं देखा गया जिसके चलते पायलटों को लखनऊ हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी।”

पार्टी नेताओं ने बताया कि श्री मौर्य ठीक हैं और बाद में दूसरे हेलीकॉप्टर से कौशांबी जाएंगे। धुएं के कारणों का पता लगाने और पायलट को आपातकालीन लैंडिंग कराने के लिए विशेषज्ञों की एक टीम को भेजा गया है।

केशव प्रसाद मौर्य का शनिवार को लगभग साढ़े 11 बजे कौशांबी पहुंचने के कार्यक्रम था। उपमुख्यमंत्री के कार्यालय के अनुसार, कौशांबी के सराया में मां शीतला देवी अतिथि गृह के ‘सरस महोत्सव’ के उ‌द्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद वे जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। वहीं, उपमुख्यमंत्री अपने दौरे के बीच कौशांबी में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे।

दूसरे हेलीकॉप्टर से रवाना हुए

समाचार एजेंसी आईएएनएस की खबर के मुताबिक, केशव प्रसाद मौर्य अब दूसरे हेलीकॉप्टर से कौशांबी जाएंगे। इसके लिए डिप्टी सीएम लखनऊ एयरपोर्ट से रवाना हो चुके हैं।

जानकारी के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपने पहले से तय कार्यक्रम के तहत लखनऊ से कौशांबी के लिए रवाना हुए थे। उनका हेलीकॉप्टर लखनऊ के ला मार्टिनियर ग्राउंड से उड़ा था। लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद पायलट को हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी का अंदेशा हुआ।

बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर के अंदर अचानक धुआं भरने लगा। धुआं दिखाई देने के बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को गंभीर देखते हुए पायलट ने तुरंत अपनी सूझबूझ दिखाते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया।

एटीसी से बातचीत के बाद हेलीकॉप्टर को तुरंत लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन को भी तुरंत अलर्ट कर दिया गया था ताकि सुरक्षित लैंडिंग कराई जा सके। कुछ ही देर में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

एयरपोर्ट पर पहले से सुरक्षा और बचाव के पूरे इंतजाम कर लिए गए थे। हेलीकॉप्टर के उतरते ही राहत और सुरक्षा टीम भी मौके पर पहुंच गई। अच्छी बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी को भी कोई चोट नहीं आई।

इस घटना के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को दूसरे हेलीकॉप्टर से कौशांबी भेजने की व्यवस्था की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार वे दूसरे हेलीकॉप्टर से अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे। इसके लिए वे चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना हो गए हैं।

(समाचार एजेंसी आईएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version