Home भारत तमिलनाडु के पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 18 श्रमिकों की मौत; मुख्यमंत्री...

तमिलनाडु के पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 18 श्रमिकों की मौत; मुख्यमंत्री ने जताया दुख

आशंका जताई जा रही है कि विस्फोट फैक्ट्री में रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण हुआ हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।

0
tamil nadu factory blast
IANS

विरुधुनगरः तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के कट्टानारपट्टी इलाके में स्थित ‘वनजा पटाखा फैक्ट्री’ में रविवार को हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के घायल होने की खबर है। धमाके के वक्त फैक्ट्री के अंदर 30 मजदूर काम कर रहे थे।

मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा विरुधुनगर जिले में पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट में कई लोगों की मृत्यु की दुखद खबर से गहरा दुख हुआ है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

तमिलनाडु के सीएम स्टालिन ने क्या कहा?

स्टालिन ने कहा कि मैंने मंत्री केकेएसएसआर रामचंद्रन और थंगम थेन्नारासु से तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्यों में तेजी लाने और उनकी निगरानी करने तथा प्रभावित परिवारों को सांत्वना देने का अनुरोध किया है। इस घटना की सूचना मिलते ही मैंने जिला कलेक्टर से संपर्क किया और उन्हें सभी आवश्यक सहायता समन्वय करने का निर्देश दिया है।

फैक्ट्री मे कैसे हुआ विस्फोट?

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस फैक्ट्री का मालिकाना हक गोविंदनाल्लूर निवासी मुथु मानिकम के पास है और यह एक वैध आरडीओ लाइसेंस के तहत संचालित हो रही थी। फैक्ट्री परिसर में 30 से अधिक कमरे बने हुए हैं और यहां 50 से ज्यादा कर्मचारी कार्यरत हैं।

रविवार को जब लगभग 30 कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर मौजूद थे, तभी अचानक एक जोरदार विस्फोट हुआ। इस धमाके से फैक्ट्री के कम से कम चार कमरों को भारी नुकसान पहुंचा और देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि मलबे के नीचे कई कर्मचारी दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे से अधिक समय बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक नुकसान काफी गंभीर हो चुका था। बचाव कार्य चल रहा है और मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश जारी रखी।

अब तक लगभग 18 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग भी हरकत में आ गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीनाथ स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और पूरे मामले की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं।

आशंका जताई जा रही है कि विस्फोट फैक्ट्री में रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण हुआ हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा। इस हादसे ने एक बार फिर पटाखा फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट के साथ

ये भी पढ़ेंः कमल हासन के चोल विरासत पर टिप्पणी से उपजा सियासी विवाद, भाजपा ने की माफी की मांग

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version