कोलकाता: शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा सहित एनडीए के कई बड़े चेहरे नजर आए। अधिकारी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वे राज्य में भाजपा से आने वाले पहले मुख्यमंत्री भी बन गए हैं। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे। उन्होंने इस दौरान मंच पर माखनलाल सरकार के पैर छूकर आशीर्वाद लिए। सरकार बंगाल में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में से एक हैं।
98 साल के हो चले माखनलाल सरकार को आजाद भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े प्रारंभिक जमीनी स्तर के व्यक्तियों में से एक माना जाता है। 1952 में भी उन्हें कश्मीर में भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता- माखनलाल सरकार
माखनलाल सरकार जनसंघ सहित भाजपा के बनने के बाद से भी पार्टी से जुड़े रहे हैं। साल 1980 में भाजपा के गठन के बाद माखनलाल सरकार को पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों के लिए संगठनात्मक समन्वयक नियुक्त किया गया था। एक वर्ष के भीतर ही उन्होंने कथित तौर पर पार्टी में लगभग 10,000 सदस्यों को नामांकित करने में मदद की।
साल 1981 से लगातार सात वर्षों तक उन्होंने जिला अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उस समय एक दुर्लभ उपलब्धि थी क्योंकि तब भाजपा नेता आमतौर पर दो वर्षों से अधिक समय तक एक ही संगठनात्मक पद पर नहीं रहते थे।
न्यूज-18 की एक रिपोर्ट के अनुसार पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने बताया कि कांग्रेस शासन के दौरान मक्खनलाल सरकार को एक राष्ट्रवादी गीत गाने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
भट्टाचार्य ने कहा कि माखनलाल सरकार ने अदालत में माफी मांगने से इनकार कर दिया और इसकी बजाय जज के सामने भी वही गीत गाया। उन्होंने कहा, ‘उन्होंने अदालत में माफी मांगने से इनकार कर दिया। उन्होंने अदालत में वही गीत गाया और जज ने उन्हें घर वापस जाने के लिए प्रथम श्रेणी का टिकट और यात्रा के लिए 100 रुपये देने का आदेश दिया।’
पीएम मोदी ने किया माखनलाल सरकार का सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे थे। ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचने के बाद शुभेंदु अधिकारी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य के साथ खुली जीप में सवार होकर वहां मौजूद हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अभिवादन किया। पूरा ब्रिगेड परेड ग्राउंड भगवा रंग में सजा हुआ नजर आया। समारोह में बड़ी संख्या में कलाकार पारंपरिक ढोल की थाप पर प्रस्तुति दे रहे थे।
जीप यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी मंच पर पहुंचे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अन्य नेताओं से मुलाकात की। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने माखनलाल सरकार का सम्मान करते हुए उन्हें शॉल भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया।
इससे पहले शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा संसदीय दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी के नाम का ऐलान भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में किया था। इसके बाद अधिकारी ने नियमों के अनुसार लोक भवन जाकर राज्यपाल आरएन रवि के सामने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया।
बताते चलें कि शुभेंदु अधिकारी पहले ममता बनर्जी के करीबी हुआ करते थे और लंबे समय तक तृणमूल कांग्रेस के साथ रहे। 2021 के विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले उन्होंने तृणमूल छोड़ दी और भाजपा में शामिल हुए। उन्होंने इसके बाद तब (2021) और अभी हाल में बंगाल विधानसभा चुनाव में भी ममता बनर्जी से सीधी टक्कर ली और हराया। इस बाद भवानीपुर से अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक वोटों से अंतर से हराया है।
(IANS के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- शुभेंदु अधिकारी…कभी ममता बनर्जी के करीबी थे, अब कैसे बने बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री; 2020 का वो टकराव



