मुंबई: भारतीय टीम के इसी महीने शुरू हो रहे आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए श्रेयस अय्यर को टी20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। अय्यर जापान में इसी साल होने वाले एशियन गेम्स में भी टीम इंडिया के कप्तान होंगे। अय्यर इस तरह सूर्यकुमार यादव की जगह ले रहे है। यादव को कप्तान से हटाए जाने के साथ-साथ टीम में भी जगह नहीं मिली है। कुछ महीनों पहले सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। हालांकि, उनका अपना फॉर्म पिछले कई महीनों से चिंता का विषय बना हुआ था।
तिलक वर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है। इसके अलावा आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी को पहली बार टीम में शामिल किया गया है। साथ ही युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की भी किस्मत चमकी है। वे आईपीएल में लखनऊ सुपर जाएंट्स की ओर से खेले थे। प्रिंस वैसे अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले वनडे सीरीज के लिए भी चुने जा चुके हैं। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या, जो पीठ में ऐंठन के कारण आईपीएल 2026 में कुछ मैच नहीं खेल पाए थे, उन्हें भी टीम में नहीं चुना गया है।
टी20 टीम में लंबे समय बाद अय्यर की वापसी
भारत को आयरलैंड में दो टी20 मैच खेलने हैं, जिसके बाद टीम इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज भी खेलेगी। दिलचस्प बात ये है कि श्रेयष अय्यर ने आखिरी बार दिसंबर 2023 में भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था, लेकिन इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में वह बेंच पर ही बैठे रहे और विश्व कप टीम में जगह नहीं बना पाए थे।
घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में विभिन्न फ्रेंचाइजी के लिए बल्लेबाज और बतौर कप्तान भी लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले अय्यर को लेकर पहले से ही ये अटकलें थी, कि उन्हें टी20 टीम की कमान सौंपी जा सकती है।
इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए भारत की T20I टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई।
कुलदीप यादव, रिंकू सिंह बाहर
इसी साल टी20 विश्व कप से ठीक पहले हर्षित राणा के स्थान पर अंतिम समय में टीम में शामिल किए गए मोहम्मद सिराज ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद अपनी जगह बरकरार रखी है। राणा, जिन्हें विश्व कप के एक अभ्यास मैच के दौरान घुटने में चोट लगी थी, अब फिट हैं और उन्हें भी टीम में शामिल किया गया है। लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को भी टीम में जगह मिली है, जबकि कुलदीप यादव और रिंकू सिंह बाहर हो गए हैं। जसप्रीत बुमराह को इस दौरे के लिए आराम दिया गया है।
भारत 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगा। इसके बाद 1 जुलाई से 11 जुलाई तक इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज खेली जानी है।
एशियन गेम्स में खेलेंगे बुमराह
बुमराह को इस साल सितंबर में जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारत की टी20 टीम में शामिल किया गया है। वहीं, मोहम्मद सिराज और प्रिंस यादव, जो आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे की टीम का हिस्सा हैं, उन्हें एशियाई खेलों के लिए टीम से बाहर कर दिया गया है।
भारत ने हांगझोऊ में हुए पिछले एशियाई खेलों के लिए दूसरी पंक्ति की टीम भेजी थी, क्योंकि प्रतियोगिता का एक हिस्सा उस वर्ष वनडे विश्व कप के साथ मेल खा रहा था। तत्कालीन कप्तान रोहित शर्मा सहित कई बड़े नामों की अनुपस्थिति में, ऋतुराज गायकवाड़ ने उस टीम का नेतृत्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता था।
इस साल एशियाई खेल जापान के आइची प्रांत में आयोजित किए जाएंगे। इसकी राजधानी नागोया अधिकांश गतिविधियों का केंद्र होगी। यह 19 सितंबर से 4 अक्टूबर, 2026 तक चलेगा।
2026 एशियाई खेलों के लिए भारत की क्रिकेट टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, जसप्रित बुमरा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, वैभव सूर्यवंशी।

