Home भारत सुप्रीम कोर्ट ने मंदिरों में जानवरों की बलि पर केंद्र से मांगा...

सुप्रीम कोर्ट ने मंदिरों में जानवरों की बलि पर केंद्र से मांगा जवाब, प्रतिबंध लगाने के लिए दायर की गई थी याचिका

सुप्रीम कोर्ट में मंदिरों में जानवरों की बलि दिए जाने को लेकर एक याचिका दायर की गई थी। इस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने केंद्र से जवाब मांगा है।

supreme court sought response from centre on plea demanding ban on animal sacrifice in temples, सुप्रीम कोर्ट
फोटोः आईएएनएस

नई दिल्लीः सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार (12 मार्च) को केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर मंदिरों में जानवरों की बलि देने के मामले में जवाब मांगा है। सुप्रीम कोर्ट में धर्म के नाम पर पशुओं की बलि दिए जाने को लेकर एक याचिका दायर की गई थी। इस मामले में सुनवाई करते हुए अदालत ने केंद्रीय पशुपालन मंत्रालय से जवाब मांगा है।

जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा है और सुनवाई अगले महीने तय की है।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या आदेश दिया?

सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया “नोटिस जारी करें जिसका जवाब चार हफ्ते में देना होगा। “

गौरतलब है कि इस मामले में अधिवक्ता श्रुति बिष्ट द्वारा दायर जनहित याचिका में मंदिरों में पशुओं की हत्या के खिलाफ सरकारी निष्क्रियता का आरोप लगाया गया है।

याचिका में मुख्य रूप से पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 28 में संशोधन और धर्म के नाम पर पशुओं की हत्या पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश देने की मांग की गई है। अधिनियम की धारा 28 में कहा गया है कि किसी धर्म द्वारा अपेक्षित तरीके से पशु की हत्या करना अपराध नहीं है।

यह भी पढ़ें – सुप्रीम कोर्ट ने टेरर फंडिंग केस में अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह को दी जमानत, 2019 में हुई थी गिरफ्तारी

इस प्रावधान के विरुद्ध निर्देश मांगते हुए अधिवक्ता बिष्ट ने धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान बलि दिए जाने वाले पशुओं की सुरक्षा के लिए कानून बनाने की प्रार्थना की है।

इस याचिका में कहा गया कि मंदिरों में पशु बलि में शुरुआती गिरावट के बावजूद स्वदेशी संस्कृतियों के साथ घुलमिल जाने के कारण यह प्रथा बाद के काल में हिंदू धर्म में फिर से लौट आई।

याचिका में क्या कहा गया?

याचिका में कहा गया कि ” वर्तमान में, बाली, इंडोनेशिया, नेपाल और भारत के हिमालयी क्षेत्र, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा और बंगाल के कुछ हिस्से, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत जैसे क्षेत्रों में अभी भी पशु बलि की प्रथा प्रचलित है। आमतौर पर युवा नर पशुओं को बलि के लिए चुना जाता है। कुछ अपवादों में लोग अपने बच्चों या स्वयं को भी बलि के रूप में अर्पित करते हैं। हालांकि, योद्धाओं के लिए विजय सुनिश्चित करने के लिए मां दुर्गा को स्वयं को अर्पित करना एक आम प्रथा थी।”

सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में इस प्रथा पर रोक लगाने के लिए व्यापक दृष्टिकोण अपनाने की बात की गई है। इसमें कड़े विधायी उपाय, जन जागरूकता अभियान और गैर-सरकारी संगठनों के साथ सहयोग शामिल है।

इसमें आगे कहा गया कि ” पशुओं की हत्या मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है। पहले के मामलों में सुप्रीम कोर्ट ने यह माना है कि प्रत्येक प्रजाति को जीवन जीने का अधिकार है। अनुच्छेद 21 मनुष्य के मौलिक अधिकारों की रक्षा करता है और चूंकि “जीवन” शब्द को विभिन्न तरीकों से परिभाषित किया गया है और चूंकि जीवन केवल मानव तक सीमित नहीं है, इसलिए पशुओं का जीवन भी इस संरक्षण के अंतर्गत आता है। अतः न्याय के हित में यह आवश्यक है कि पशुओं को हत्याओं से बचाया जाए। “

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version