Home भारत महाराष्ट्रः सुनेत्रा पवार शनिवार को ले सकती हैं डिप्टी सीएम पद की...

महाराष्ट्रः सुनेत्रा पवार शनिवार को ले सकती हैं डिप्टी सीएम पद की शपथ

महाराष्ट्र में अजित पवार की पत्नी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता सुनेत्रा पवार डिप्टी सीएम पद की शपथ ले सकती हैं।

sunetra pawar to take oath as deputy cm of maharashtra after death of ajit pawar, सुनेत्रा पवार
फोटोः आईएएनएस

मुंबईः महाराष्ट्र के दिग्गज नेता अजित पवार की प्लेन क्रैश में मौत के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार डिप्टी सीएम का पद ग्रहण करेंगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह शनिवार (31 जनवरी) को शाम 5 बजे शपथ ले सकती हैं। उन्होंने पदोन्नति के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है और राज्य सरकार में आबकारी और खेल मंत्रालयों का कार्यभार संभालना जारी रखेंगी।

एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि पार्टी कल दोपहर 2 बजे मुंबई के विधान भवन में विधायक दल की बैठक करेगी, जिसमें सुनेत्रा पवार के नाम को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद शाम को सुनेत्रा पवार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाली वह राज्य की पहली महिला होंगी।

छगन भुजबल के बयान के बाद सामने आया घटनाक्रम

यह घटनाक्रम महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल के उस बयान के कुछ घंटों बाद सामने आया है जिसमें उन्होंने संकेत दिया था कि पवार अपने पति के खाली पद का कार्यभार संभालेंगी।

भुजबल ने कहा, “कई लोगों का मानना ​​है कि सुनेत्रा पवार को यह जिम्मेदारी दी जानी चाहिए और मुझे नहीं लगता कि यह मांग अनुचित है।”

इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी 7 फरवरी को होने वाले पुणे जिला परिषद चुनावों से पहले पार्टी की दिशा तय करने के लिए सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा है।

सुनेत्रा पवार हैं राज्यसभा की सांसद

गौरतलब है कि सुनेत्रा पवार राज्यसभा की सांसद हैं और महाराष्ट्र के किसी भी सदन की नेता नहीं हैं। हालांकि, पुणे की बारामती सीट बीते बुधवार (28 जनवरी) को अजित पवार की मौत के बाद खाली हो गई है।

अजित पवार की मौत बुधवार सुबह बारामती में विमान लैंडिंग के दौरान क्रैश होने से हुई। उनका विमान रनवे के पास क्रैश हो गया जिसमें सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। मारे गए लोगों में अजित पवार के सुरक्षा अधिकारी, फ्लाइट अटेंडेंट और दो पायलटों की मौत हो गई।

बीते गुरुवार को अजित पवार का अंतिम संस्कार बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में हुआ जहां उनके बेटों जय पवार और पार्थ पवार ने अंतिम रस्में पूरी कीं। अजित पवार के अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह मंंत्री अमित शाह, राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस समेत कई अन्य नेता शामिल हुए।

ऐसे में सुनेत्रा पवार के शनिवार को शपथ लेने के बाद राज्य के शीर्ष कार्यकारी नेतृत्व में शामिल हो जाएंगी।

इससे पहले दिन में, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए, भुजबल ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि अगर शनिवार को ही उनका उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह होता है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version