नई दिल्ली: पुणे के केतन विशाल अग्रवाल मर्डर केस में नए चौंकाने वाले खुलासे अब सामने आ रहे हैं। मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी द्वारा कथित तौर पर किस तरह योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया, इसे लेकर पुलिस ने कई खुलासे किए हैं। हालांकि, पुणे मर्डर केस में एक चौंकाने वाला तथ्य ये भी है कि सोशल मीडिया पर सिया गोयल अपने मंगेतर केतन विशाल अग्रवाल के साथ इस अंदाज में नजर आती थी, कि शायद ही कोई उस पर शक करे।
दोनों (केतन अग्रवाल और सिया) की कहानी सोशल मीडिया पर किसी सपने जैसी दिखाई देती थी। घटना के बाद इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों में प्रपोजल, फूलों के साथ रोमांटिक सरप्राइज, गले मिलना, डांस जैसे पोस्ट और नवंबर में होने वाली भव्य शादी की तैयारियां नजर आ रही हैं। जबकि इस चमकदार प्रेम कहानी के पीछे एक खौफनाक साजिश पल रही थी, जिसका अंत केतन की मौत के रूप में हुआ।
इसी साल फरवरी में सिया और केतन की सगाई हुई। दोनों परिवारों ने नवंबर में होने वाली शादी की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। शादी इतनी भव्य होने वाली थी कि मेहमानों के लिए निजी विमानों और महलों की व्यवस्था की गई थी।
इंस्टाग्राम पर झूठे प्रेम का दिखावा?
सगाई के एक महीने बाद सिया ने इंस्टाग्राम पर मोमबत्ती से सजे केक की तस्वीर साझा करते हुए लिखा था, ‘मेरे दिल को उसका घर मिले एक महीना पूरा होने की खुशी में…चीयर्स।’ इस पोस्ट में केतन को टैग किया था।
मई में साझा की गई एक अन्य पोस्ट में केतन सिया को फूल देते नजर आए थे। इस तस्वीर के साथ सिया ने लिखा था, ‘उसने ‘पसंद है तुम्हें’ को बहुत गंभीरता से ले लिया।’ इसके बाद दोनों एक-दूसरे को गले लगाते नजर आ रहे हैं।
सिया ने केतन की इंस्टाग्राम स्टोरी भी दोबारा साझा की थी, जिसमें उसकी तस्वीर के साथ ‘दैट स्माइल’ लिखा था और दिल का इमोजी लगाया गया था। इसके अलावा 19 मई को सिया ने अपने जन्मदिन के काउंटडाउन वाली स्टोरी पोस्ट की थी, जिसमें दोनों एक रोमांटिक गाने पर नाचते और घूमते नजर आ रहे थे।
हालांकि एक महीने बाद सिया के जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले इस कहानी ने खौफनाक मोड़ ले लिया। महाराष्ट्र के एक रसूखदार कारोबारी के बेटे केतन अग्रवाल की पुणे के पास लोहागढ़ किले के समीप एक घाटी में गिरने से मौत हो गई। शुरुआती तौर पर माना गया कि तेज हवाओं के बीच फोटो खिंचवाते समय केतन पैर फिसला होगा और वह खाई में गिरा। सिया ने भी लोनावला ग्रामीण पुलिस को यही कहानी बताई थी, जिसके आधार पर दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी।
हालांकि जांच के दौरान पुलिस को सिया के व्यवहार पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।
प्रेमी के साथ मिलकर रची गई हत्या की साजिश
जांच में सामने आया कि सिया का संबंध 22 वर्षीय चेतन बाबूलाल चौधरी नामक युवक से भी था। दोनों की मुलाकात पिछले साल एक बिजनेस मीटिंग में हुई थी। सिया एक बेकरी चलाती थी, जबकि चेतन का ड्राईफ्रूट्स का कारोबार है।
पुलिस के अनुसार, चेतन सिया और केतन के रिश्ते से खुश नहीं था और वह उसे (केतन) अपने रिश्ते के रास्ते की सबसे बड़ी बाधा मानता था। इसी कारण दोनों ने कथित तौर पर केतन की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार जांच में पता चला कि सिया भी दरअसल केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। हालांकि, परिवारिक दबाव के चलते शादी के लिए मंजूर होने का दिखावा करती रही।
लोहागढ़ किले पर बुलाकर हत्या
पुलिस के अनुसार सिया ने केतन को घूमने-फिरने के बहाने लोहागढ़ किले पर बुलाया था। इस दौरान योजना के अनुसार चेतन भी वहां मौजूद था।
जांच में सामने आया कि चेतन लगभग 20 से 30 फीट की दूरी से दोनों का पीछा कर रहा था। सीसीटीवी फुटेज में वह हुडी पहनकर अपनी पहचान छिपाते हुए किले की पगडंडियों पर सिया और केतन के पीछे चलता दिखाई दिया।
पुलिस का आरोप है कि सही मौका मिलने पर दोनों ने पीछे से धक्का देकर केतन को गहरी खाई में गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सात महीनों में 2,004 कॉल, 238 घंटे बातचीत
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पिछले सात महीनों में सिया और चेतन के बीच कुल 2,004 फोन कॉल हुए थे। इन बातचीतों की कुल अवधि लगभग 238 घंटे थी। दोनों का रिश्ता नवंबर 2025 में शुरू हुआ था। उस समय सिया और केतन के परिवार रिश्ते को अंतिम रूप देने में लगे हुए थे।
फिलहाल हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में सिया और चेतन को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
बाली ट्रिप भी सिया ने रोकी थी!
हत्या से कुछ दिन पहले केतन और सिया प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए इंडोनेशिया के बाली जाने वाले थे। लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पहुंचने पर केतन को पता चला कि उसका पासपोर्ट गायब है, जिसके कारण यात्रा रद्द करनी पड़ी।
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने इस घटना में भी साजिश की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि 6 जून को परिवार के सदस्य बाली जाने के लिए घर से निकले थे। कार में केवल चार लोग मौजूद थे- उनकी बेटी, उनका बेटा केतन, सिया और सिया का भाई साहिल।
विशाल अग्रवाल के अनुसार, सभी लोगों के पासपोर्ट, विदेशी करेंसी, क्रेडिट कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस एक ही बैग में रखे गए थे, जो कार में मौजूद था। उनका दावा है कि रास्ते में एक फूड मॉल पर रुकने के दौरान सिया ने कहा कि वह अपना मोबाइल फोन कार में भूल गई है और उसे लेने वापस गई थी। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पहुंचने पर सभी के पासपोर्ट मौजूद थे, लेकिन केवल केतन का पासपोर्ट गायब था। पासपोर्ट चोरी हो जाने के कारण केतन यात्रा पर नहीं जा सका और उसे एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा।
हत्या की पहली कोशिश 14 जून को हुई!
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सिया ने 14 जून को लोहागढ़ किले पर केतन की हत्या की पहली कोशिश की थी, लेकिन वह असफल रही। पुलिस के अनुसार, सिया ने उसे धोखे से धक्का दिया था, लेकिन केतन ने चट्टान के किनारे उगी झाड़ी पकड़ ली और बच गया। जांचकर्ताओं का कहना है कि शक से बचने के लिए सिया ने अचानक सांप दिखने का झूठा शोर मचाया और फिर केतन को गले लगाकर स्थिति सामान्य दिखाने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, पहली कोशिश नाकाम होने के बाद भी दोनों ने हार नहीं मानी। पुलिस जांच के अनुसारक सिया और चेतन ने हत्या के लिए एक ‘प्लान-सी’ भी तैयार कर रखा था, ताकि पहले से तय योजनाएं विफल होने पर भी केतन को रास्ते से हटाया जा सके। आखिरकार 18 जून को दोनों ने कथित तौर पर अपनी साजिश को अंजाम दिया और केतन की हत्या कर दी।
सूत्रों के अनुसार दोनों परिवार नवंबर में होने वाली शादी के लिए पूरे उत्साह से तैयारियों में जुटे थे। जयपुर के एक महल को 17 करोड़ रुपये में बुक किया गया था। मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए दो निजी विमानों की भी व्यवस्था की गई थी। परिवार के एक रिश्तेदार ने बताया कि दोनों परिवार शादी को लेकर बेहद खुश थे और सभी तैयारियां जोरों पर चल रही थीं।



