Home मनोरंजन रोहित शेट्टी के घर फायरिंग के लिए नेपाल से हुई थी शूटर्स...

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग के लिए नेपाल से हुई थी शूटर्स की ‘फंडिंग’, क्या पता चला?

मुंबई क्राइम ब्रांच की गहन जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार किए गए शूटर्स को घटना को अंजाम देने के लिए मोटी रकम दी गई थी। यह पैसा किसी सीधे ट्रांजैक्शन के बजाय एटीएम के जरिए अज्ञात खातों से शूटर्स के बैंक अकाउंट में जमा कराया गया था।

0

मुंबईः बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर हुई गोलीबारी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच के दौरान इस हमले के तार अब अंतरराष्ट्रीय साजिश से जुड़ते नजर आ रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस पूरी वारदात को अंजाम देने के लिए शूटर्स को पड़ोसी देश नेपाल से फंडिंग की गई थी।

मुंबई क्राइम ब्रांच की गहन जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार किए गए शूटर्स को घटना को अंजाम देने के लिए मोटी रकम दी गई थी। यह पैसा किसी सीधे ट्रांजैक्शन के बजाय एटीएम के जरिए अज्ञात खातों से शूटर्स के बैंक अकाउंट में जमा कराया गया था। जांच एजेंसी अब उन बैंक डिटेल्स को खंगाल रही है, जिनके जरिए यह रकम भेजी गई। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस लेनदेन का असली मास्टरमाइंड कौन है और पैसा भेजने वाला अज्ञात व्यक्ति किस गिरोह से जुड़ा है।

हमले का नेपाल कनेक्शन

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आगरा से पकड़े गए आरोपियों को नेपाल के जरिए लगातार वित्तीय मदद पहुंचाई जा रही थी। पुलिस को संदेह है कि इस हमले के पीछे सीमा पार बैठी कुछ भारत विरोधी या आतंकी शक्तियां शामिल हो सकती हैं, जो बॉलीवुड हस्तियों को निशाना बनाकर शहर में दहशत फैलाना चाहती हैं। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने संबंधित बैंकों को आधिकारिक पत्र लिखकर आरोपियों के खातों की विस्तृत स्टेटमेंट, ट्रांजैक्शन हिस्ट्री और पैसा जमा करने वाले व्यक्तियों की पूरी जानकारी मांगी है।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले जुहू स्थित रोहित शेट्टी के बंगले पर अज्ञात हमलावरों ने अचानक फायरिंग की थी, हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था। इस मामले में पुलिस अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। ये गिरफ्तारियां उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न इलाकों से की गई हैं।

मुंबई क्राइम ब्रांच का मानना है कि जांच अब अपने निर्णायक मोड़ पर है। बैंक खातों के तकनीकी विश्लेषण से जल्द ही उस मुख्य साजिशकर्ता का चेहरा साफ हो जाएगा, जिसने नेपाल में बैठकर इस पूरी वारदात की स्क्रिप्ट लिखी थी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल केस में कुछ और बड़े नामों के खुलासे होने की संभावना है।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version