ऋषभ पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है। यह सीजन कप्तान पंत और एलएसजी के निराशाजनक रहा है। टीम प्वाइंट्स टेबल में इस साल सबसे निचले स्थान पर रही। 14 मैचों में एलएसजी को सिर्फ 4 जीत मिली जबकि 10 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। ऋषभ के इस फैसले की पुष्टि टीम ने एक्स पोस्ट के जरिए की।
एलएसजी ने इस संबंध में एक्स पर पोस्ट में लिखा ” लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) यह औपचारिक तौर पर घोषित करना चाहती है कि ऋषभ पंत ने फ्रेंचाइजी के साथ अपनी कप्तानी की जिम्मेदारियों से मुक्त होने का अनुरोध किया है। फ्रेंचाइजी ने तत्काल प्रभाव से उनके इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। “
टीम के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने कहा, “ऋषभ ने इस अनुरोध के साथ फ्रेंचाइजी से संपर्क किया और हमने सम्मानपूर्वक इसे स्वीकार कर लिया है। ये फैसले कभी भी आसान नहीं होते। हम उन सभी चीजों के लिए आभारी हैं, जो ऋषभ बतौर कप्तान इस ड्रेसिंग रूम में लाए हैं। अब हमारा ध्यान सामूहिक प्रयासों पर है- सर्वश्रेष्ठ मानकों तक पहुंचने के लिए टीम का पुनर्निर्माण और पुनर्गठन करना।”
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। आईपीएल नीलामी के इतिहास में यह किसी खिलाड़ी पर लगाई गई सबसे बड़ी बोली थी।
यह भी पढ़ें – विनेश फोगाट एशियन गेम्स के ट्रायल में लेंगी हिस्सा, सुप्रीम कोर्ट ने दी बड़ी राहत
ऋषभ पंत की कप्तानी में एलएसजी ने पिछले सीजन में 14 में से महज 6 ही मैच जीत सकी। यह टीम 12 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर रही। आईपीएल 2025 में पंत ने 14 मुकाबलों में 24.45 की औसत के साथ 269 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने एक तूफानी शतक भी जड़ा था। पंत ने इस पारी में नाबाद 118 रन की शतकीय पारी खेली थी।
इस सीजन की बात करें तो पंत ने 28.36 की औसत के साथ 312 रन जुटाए। उन्होंने बतौर विकेटकीपर 10 कैच भी लपके।
पंत से पहले केएल राहुल संभाल रहे थे टीम की कमान
गौरतलब है कि ऋषभ पंत से पहले टीम की कमान केएल राहुल के हाथों में थी। हालांकि, वह अभी दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं और हाल में उन्होंने इस फ्रेंचाइजी की तरफ से खेलते हुए एक हजार रन भी पूरे किए।
ऐसे में पंत के कप्तानी छोड़ने के ऐलान के बाद टीम का अगला कप्तान कौन होगा?, इस संबंध में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पंत हालांकि, अभी टीम का हिस्सा हैं। देखना होगा कि कप्तानी छोड़ने के बाद टीम उन्हें अगले साल के लिए रिटेन करती है या रिलीज करेगी।
यह भी पढ़ें – वैभव सूर्यवंशी का धमाल, IPL में सबसे तेज शतक से चूके पर बना दिए ये 5 नायाब रिकॉर्ड

