IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का खिताब रॉयल चैंलेजर्स बेंगलुरु ने लगातार दूसरी बार अपने नाम किया है। फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से मात दी। रजत पाटीदार की टीम ने 156 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए 18 ओवर में पांच विकेट खोकर 161 रन बनाए। आरसीबी की तरफ से सर्वाधिक रन विराट कोहली ने बनाए। कोहली ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 75 रन बनाकर नॉट आउट रहे। इस दौरान कोहली ने 9 चौके और 3 छक्के जड़े। उन्हें शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
RCB और GT के बीच फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम का पहला विकेट कप्तान शुभमन गिल के रूप में 22 रन के स्कोर पर गिरा। वहीं, दूसरा विकेट 26 रन के स्कोर पर साईं सुदर्शन के रूप में गिरा। सुदर्शन ने पूरे आईपीएल के दौरान शानदार बल्लेबाजी करते हुए 722 रन बनाए। हालांकि, फाइनल मुकाबले में वह प्रेशर नहीं झेल सके और मात्र 12 रन बनाकर चलते बने। गुजरात की तरफ से सर्वाधिक रन वाशिंगटन सुंदर रन बनाए। सुंदर ने 37 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 50 रन बनाकर नॉट आउट रहे। इसके अलावा निशांत सिंधू ने 20 रन बनाए। इन खिलाड़ियों के छोटे-छोटे योगदान की बदौलत टीम गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 155 रन बनाए।
RCB ने लगातार दूसरी बार जीता खिताब
आरसीबी की तरफ से रसीख सलाम डार ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके। डार ने 4 ओवर में मात्र 27 रन खर्चे। वहीं, भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट लिए।
156 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने तेजतर्रार शुरुआत की। टीम का पहला विकेट 62 रन के स्कोर पर सलामी बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर के रूप में गिरा। अय्यर ने 16 गेदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 32 रन बनाए। हालांकि, टीम को दूसरा झटका बहुत जल्द 63 रन के स्कोर पर देवदत्त पडिकल के रूप में गिरा। पडिकल एक रन बनाकर कगिसो रबादा की गेंद पर अरशद खान के हाथों गेंद थमा बैठे। आरसीबी कप्तान रजत पाटीदार फाइनल मुकाबले में कुछ खास नहीं कर सके और 13 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए। इस छोटी सी पारी में पाटीदार ने एक चौका और एक छक्का जड़ा।
यह भी पढ़ें – दिल्ली: साकेत हादसे में अब तक छह लोगों की मौत, 10 घायल
आरसीबी का चौथा विकेट 91 रन पर गिरा। क्रुणाल पांड्या महज एक रन बनाकर राशिद खान की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हुए। टिम डेविड के रूप में टीम का पांचवां विकेट 132 रन के स्कोर पर गिरा। डेविड ने 17 गेंदों में 24 रन बनाए। इसके बाद जीतेश शर्मा कोहली के साथ अंत तक टिके रहे। जीतेश ने 14 गेंदों में एक चौके की मदद से 11 रन बनाए।
गुजरात टाइटंस नहीं हासिल कर सकी दूसरा खिताब
गुजरात टाइटंस की तरफ से सर्वाधिक विकेट राशिद खान ने झटके। खान ने 4 ओवर में महज 25 रन खर्चे। वहीं, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबादा और अरशद खान को एक-एक विकेट मिला।
आरसीबी ने इसके साथ ही आईपीएल का दूसरा लगातार खिताब अपने नाम किया है। 2025 में 18 सालों के इंतजार के बाद टीम को रजत पाटीदार की कप्तानी में जीत मिली थी। ऐसे में इस बार टीम डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरी थी और ट्रॉफी डिफेंड करने में सफल भी रहे।
आरसीबी फैंस के लिए टीम का लगातार दूसरी बार चैंपियन बनना बेहद खास है। फैंस इस जीत पर जश्न मना रहे हैं और सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर कर रहे हैं।

