Home मनोरंजन राजपाल यादव के साथ अवार्ड शो में ऐसा क्या हुआ जिसके लिए...

राजपाल यादव के साथ अवार्ड शो में ऐसा क्या हुआ जिसके लिए सलमान खान को आना पड़ा आगे?

हाल ही में एक अवॉर्ड शो के दौरान मशहूर अभिनेता राजपाल यादव को लेकर एक टिप्पणी की गई, जिसने विवाद खड़ा कर दिया। मामले में सलमान खान और राजपाल दोनों की प्रतिक्रिया आई है।

0
salman khan on rajpal yadav, chetak screen award, rajpal, salman khn, bollywood news,

बॉलीवुड के दिग्गज कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव पिछले कुछ महीनों से करीब 5 करोड़ के कर्ज और चेक बाउंस मामले को लेकर कानूनी और मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं।

इसी बीच, एक हालिया अवॉर्ड शो में उनके इस विवादित मामले पर की गई एक टिप्पणी की सोशल मीडया पर काफी आलोचना हा रही है। इस पूरे विवाद में अब सलमान खान ने राजपाल के प्रति सम्मान जताते हुए भावुक पोस्ट लिखा है। वहीं राजपाल ने भी इस विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

अवॉर्ड शो में क्या हुआ था?

दरअसल मामला 5 अप्रैल को आयोजित ‘चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स’ का है। शो को जाकिर खान और सौरभ द्विवेदी होस्ट कर रहे थे। मंच पर चर्चा के दौरान जब राजपाल यादव विदेशी मुद्रा (डॉलर) की कीमतों में उतार-चढ़ाव और आम आदमी पर इसके प्रभाव के बारे में बात कर रहे थे, तब पत्रकार सौरभ द्विवेदी ने चुटकी लेते हुए उनके 9 करोड़ के केस का जिक्र कर देते हैं।

वह कहत हैं, “राजपाल भाई, डॉलर और रुपये का रेट चाहे जो भी हो, आपको उतने ही पैसे लौटाने पड़ेंगे जितना आपने उधार लिया है।” सौरभ द्विवेद की इस टिप्पणी पर लोग ठहाके लगाने लगते हैं वहीं राजपाल भी जोर से हंसने लगते हैं। राजपाल कहते हैं कि भाई पूरी बात तो सुन लो…। जाकिर खान बातचीत के इस क्रम को तोड़ते हैं और मामले को हल्के-फुल्के अंदाज में संभालते हैं।

अब सोशल मीडिया पर यह क्लिप वायरल हो रहा है। क्लिप को शेयर कर लोग अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। इस टिप्पणी को ‘असंवेदनशील’ करार दे रहे हैं और भी कई तरह की बातें लिख रहे हैं।

सलमान खान का ने राजपाल के लिए किया पोस्ट

सोशल मीडिया पर बढ़ते विवाद के बीच, मंगलवार को सलमान खान ने राजपाल यादव के काम और उनके हुनर का जिक्र करते हुए एक फेवर पोस्ट लिखा। उन्होंने अपने ‘एक्स’ पर भावुक पोस्ट में लिखा-

“राजपाल भाई, आप 30 साल से काम कर रहे हो और हम सबने आपको बार-बार रिपीट किया है क्योंकि आप अपना काम जानते हो और एक वैल्यू लाते हो। काम तो आपको बहुत मिलेगा और इसी डॉलर रेट पर मिलता रहेगा। हकीकत यही है।”

सलमान ने आगे सलाह देते हुए लिखा कि कभी-कभी बातों-बातों में कुछ चीजें निकल आती हैं, उन्हें दिल पर नहीं लेना चाहिए। उन्होंने लिखा, “देना ही है तो दिमाग में रखो, दिल से काम करो। डॉलर ऊपर हो या नीचे, क्या फर्क पड़ता है, देना तो इंडिया में ही है।”

राजपाल ने वीडियो जारी कर रखी अपनी बात

इस समर्थन के लिए राजपाल यादव ने सलमान खान का आभार व्यक्त किया और उन्हें ‘बड़ा भाई’ बताते हुए नमन किया। राजपाल ने लिखा, सलमान भाई मेरे 3 साल के सफर को सराहने के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया। आप हमेशा एक बड़े भाई की तरह रास्ते दिखाते आए हैं। लव यू भाई नमन।

ये भी पढ़ेंः ‘क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं’, चेक बाउंस मामले में सरेंडर से पहले राजपाल यादव ने क्या कहा था?

इसके अलावा राजपाल ने एक्स पर एक वीडियो जारी कर इस विवाद को तुल ना देने और किसी को ट्रोल ना करने की अपील की। राजपाल ने सौरभ द्विवेदी का बचाव करते हुए कहा कि वह टिप्पणी एक ‘स्किट’ का हिस्सा थी, जिसे उन्होंने, सौरभ और कॉमेडियन जाकिर खान ने मिलकर वैश्विक मुद्दों और आम आदमी की वित्तीय चुनौतियों को दिखाने के लिए तैयार किया था। राजपाल ने प्रशंसकों से अपील की कि इसे गलत तरीके से न लिया जाए।

राजपाल यादव ने कहा, ”सौरभ द्विवेदी और जाकिर खान मेरे छोटे भाइयों जैसे हैं और उन्होंने हमेशा मेरा सम्मान किया है। इन दोनों कलाकारों ने मंच पर हमेशा आदर दिया है और पूरे ऑडिटोरियम को खड़े होकर तालियां बजाने के लिए प्रेरित किया। मैं इन दोनों को दिल से मानता हूं और इनके खिलाफ कुछ भी गलत सुनना मुझे अच्छा नहीं लगता।”

उन्होंने अपने फैंस और दर्शकों से खास अपील करते हुए कहा, ”कृपया किसी भी कलाकार को बिना सच्चाई जाने ट्रोल न करें और न ही किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाएं। अगर कोई सौरभ या जाकिर के बारे में कुछ गलत कहता है, तो उससे मुझे दुख होगा।”

चेक बाउंस से जुड़ा क्या है मामला?

गौरतलब है कि राजपाल यादव के खिलाफ करीब 5 करोड़ के चेक बाउंस का मामला दिल्ली हाईकोर्ट में चल रहा है। बताया जाता है कि उन्होंने अपनी फिल्म ‘अता-पता लापता’ के निर्माण के लिए कर्ज लिया था, जिसे समय पर चुका नहीं सके और कई चेक बाउंस हो गए। इसके बाद नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

राजपाल यादव को इसी साल फरवरी में तिहाड़ जेल भेजा गया था, लेकिन 16 फरवरी को उन्हें अंतरिम जमानत मिल गई थी। दिल्ली हाई कोर्ट ने भी स्पष्ट किया है कि उनकी कस्टडी को लेकर फिलहाल कोई सख्त आदेश नहीं है, जिससे वे अपना काम पूरा कर सकें।

राजपाल यादव जल्द फिल्म ‘भूत बंगला’ (Bhooth Bangla) में दिखाई देंगे। वह इस फिल्म में वे अक्षय कुमार और तब्बू के साथ नजर आएंगे। यह फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जबकि इसके पेड प्रिव्यूज 16 अप्रैल की रात से शुरू हो जाएंगे।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version