Homeमनोरंजनरजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ के सेट पर हादसा, करंट लगने से...

रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ के सेट पर हादसा, करंट लगने से 28 वर्षीय क्रू मेंबर की मौत

जिस स्टूडियो में यह हादसा हुआ, वह चेन्नई के ईस्ट कोस्ट रोड इलाके में है। यहां फिल्म की शूटिंग और सेट निर्माण का काम चल रहा था।

सुपरस्टार रजनीकांत इन दिनों अपनी आगामी फिल्म जेलर 2 (Jailer 2) की चेन्नई में शूटिंग कर रहे हैं। हालांकि गुरुवार सेट पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। चेन्नई के पनैयूर स्थित एक निजी फिल्म स्टूडियो में शूटिंग के दौरान 28 वर्षीय क्रू सदस्य की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कार्तिकेयन के रूप में हुई है, जो फिल्म के आर्ट डिपार्टमेंट टीम का हिस्सा था।

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक कार्तिकेयन फिल्म के लिए घर जैसा सेट तैयार करने के काम में जुटा हुआ था। इसी दौरान उसे जोरदार बिजली का झटका लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसा सेट निर्माण के नियमित काम के दौरान हुआ।

पनैयूर स्थित यह स्टूडियो चेन्नई के ईस्ट कोस्ट रोड इलाके में है, जहां फिल्म की शूटिंग और सेट निर्माण का काम चल रहा था। कार्तिकेयन कैमरा यूनिट के आने से पहले सेट तैयार करने वाली टीम का हिस्सा था।

पुलिस जांच में सुरक्षा चूक के एंगल की पड़ताल

कनाथुर पुलिस ने बताया कि मामले में अभी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, लेकिन हादसे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बिजली का रिसाव किस वजह से हुआ।

जांच में खराब वायरिंग, सुरक्षा मानकों में लापरवाही या प्रोडक्शन यूनिट की किसी चूक जैसे पहलुओं को भी देखा जा रहा है। फिलहाल किसी व्यक्ति या प्रोडक्शन कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की घोषणा नहीं की गई है।

निर्देशक नेल्सन दिलीप कुमार की यह फिल्म 2023 में आई ब्लॉकबस्टर जेलर का सीक्वल है। पहली फिल्म ने दुनियाभर में 600 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी और यह तमिल सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल है।

फिल्म इससे पहले अप्रैल में भी चर्चा में आई थी, जब सेट से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर लीक हो गया था। इसके बाद प्रोडक्शन हाउस सन पिक्चर्स ने एंटी-पायरेसी टीम की मदद से वीडियो हटाने और उसे शेयर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

जेलर 2 कब होगी रिलीज, फिल्म की स्टारकास्ट देखें

रिपोर्टों के मुताबिक जेलर 2 की शूटिंग पिछले साल मार्च में शुरू हुई थी। फिल्म लगभग पूरी शूट कर ली गई है लेकिन कुछ हिस्से रहे गए हैं।

‘जेलर 2’ में रजनीकांत एक बार फिर ‘टाइगर’ मुथुवेल पांडियन के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ राम्या कृष्णन, शिव राजकुमार, मोहनलाल, मिथुन चक्रवर्ती, एस.जे. सूर्या और विद्या बालन जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे।

रिपोर्टों के अनुसार, फिल्म 12 जून 2026 को तमिल, हिंदी, तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज हो सकती है, हालांकि निर्माताओं की ओर से आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।

ये भी पढ़ेंः तमिलनाडु के नए ‘नायक’ विजय की आखिरी फिल्म ‘Jana Nayagan’ के रिलीज का रास्ता साफ?

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular