नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के एक दिन बाद, मंगलवार (21 जुलाई) को राजनीतिक गहमागहमी बढ़ गई। कांंग्रेस के नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं ने पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस द्वारा विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि रात में इन नेताओं को रिहा कर दिया गया।
गौरतलब है कि ये नेता प्रधानमंत्री आवास के पास जमा हुए थे और सोमवार (20 जुलाई) के मार्च के दौरान छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे। इससे पहले, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने स्थिति को शांत करने के लिए राहुल गांधी और विपक्ष के अन्य नेताओं से मुलाकात की, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही। इसके बाद पुलिस ने दखल दिया और प्रदर्शनकारी नेताओं को हिरासत में ले लिया।
राहुल-प्रियंका, अखिलेश समेत कई नेता हुए थे गिरफ्तार
पीएम आवास पर हुए प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता शामिल थे।
समाचार एजेंसी आईएएनएस की खबर के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में विपक्षी सांसद और कार्यकर्ता प्रधानमंत्री आवास के बाहर पहुंचे थे। कुछ समय बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नेताओं और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाकर अलग-अलग स्थानों पर भेज दिया और भीड़ को तितर-बितर कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका गांधी वाड्रा को मंदिर मार्ग थाना, राहुल गांधी को छत्रसाल स्टेडियम और अन्य कई सांसदों को किंग्सवे कैंप क्षेत्र में ले जाया गया था।
प्रियंका गांधी से मिलने सोनिया गांधी मंदिर थाना मार्ग पहुंची थी।
यह भी पढ़ें – पीएम आवास के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन , केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से की मुलाकात
सपा ने छात्रों के प्रति व्यक्त किया समर्थन
इस बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव तथा अन्य पार्टी सांसदों के साथ, अनशन पर बैठे और घायल छात्रों से मुलाकात की।
अखिलेश यादव और डिंपल यादव ने एआईएसए की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा, जेएनयू छात्रसंघ की संयुक्त सचिव दानिश, AISA उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मनीष और AISA दिल्ली विश्वविद्यालय सचिव अंजलि से मुलाकात कर उनके आंदोलन के प्रति समर्थन जताया।
समाजवादी पार्टी नेताओं ने छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा कथित बल प्रयोग की निंदा की और कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों को संसद में मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्टी छात्र आंदोलन के साथ खड़ी है और उनकी मांगों का समर्थन करेगी।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय, इकरा हसन, प्रिया सरोज और पुष्पेंद्र सरोज ने भी छात्रों से मुलाकात की और उनके प्रति एकजुटता व्यक्त की।
जंतर-मंतर पर पहुंचे केजरीवाल और अन्य नेता
वहीं, दूसरी ओर जंतर-मंतर पर जारी सीजेपी के प्रदर्शन में भी 21 जुलाई को दिन भर कई नेता पहुंचे। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पहुंचे थे और भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
इसके अलावा शरद पवार, उद्धव ठाकरे, संजय राउत समेत अन्य नेता पहुंचे। 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन में भारी संख्या में देश के अलग-अलग राज्यों से प्रदर्शनकारी पहुंचे थे। वहीं, पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े जाने के बाद जंतर-मंतर पर फिर से छात्र भारी संख्या में जुटे। 20 जुलाई को देर रात प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुलिस कार्रवाई के विरोध में नारे लगाए।
21 जुलाई को भी भारी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)



