नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर जारी सीजेपी के प्रदर्शन के बीच बुधवार (22 जुलाई) रात को एक बार फिर पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की खबर है। पुलिस के मुताबिक, इस झड़प में एसीपी रैंक के दो अधिकारियों समेत 6 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इस बीच सेंट्रल दिल्ली में इंटरनेट बंद कर दिया गया है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प देखने को मिली। इस दौरान कई पुलिसकर्मी और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान घायल हुए हैं। सोशल मीडिया पर इस झड़प के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। इस बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया।
जंतर-मंतर के पास अफरातफरी का माहौल
सोशल मीडिया पर इसके वीडियो देखे जा सकते हैं। वीडियो में प्रदर्शन वाली जगह पर अफरातफरी का माहौल दिखा जब पुलिस भीड़ को काबू करने की कोशिश कर रही थी तब प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पत्थरबाजी की। यह घटनाक्रम जंतर – मंतर के पास टॉल्स्टॉय मार्ग के पास हुई।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, पत्थरबाजी की यह घटना इससे पहले की पत्थरबाजी की घटना में ACP रैंक के एक अधिकारी के भी घायल होने के कुछ घंटो बाद आई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान एसीपी रैंक के दो अधिकारियों समेत 6 पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है।
पुलिस ने कहा कि कई “असामाजिक” तत्व विरोध-प्रदर्शन वाली जगह पर घुस आए हैं। “वे आयोजकों (CJP) की बात भी नहीं सुन रहे हैं और पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंक रहे हैं।”
यह भी पढ़ें – ’10 साल में 152 पेपर लीक हुए,’, राहुल गांधी बोले- अन्याय के लिए माफी मांगे सरकार, धर्मेंद्र प्रधान को जाना होगा
सेंट्रल दिल्ली में बंद इंटरनेट
खबरों के मुताबिक बुधवार को जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई नई हिंसा के बीच इलाके के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं अगले आदेश तक बंद कर दी गईं। यह कदम तब उठाया गया जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें बढ़ गईं। मौके से पत्थरबाजी, आंसू गैस के गोले छोड़े जाने और लाठीचार्ज की खबरें आईं। तनाव बढ़ने के साथ ही बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई नई झड़पों के बाद, वहां और उसके आस-पास इंटरनेट सेवाएं बंद करने के सरकार के फैसले की कड़ी आलोचना की। वेणुगोपाल ने कहा कि इस कदम से भारी घबराहट फैल रही है और यह भारत के युवाओं की आवाज को दबाने और दिल्ली पुलिस की बर्बरता को छिपाने के लिए अभिव्यक्ति की आजादी पर सीधा हमला है।
जंतर-मंतर पर बुधवार रात प्रदर्शनकारियों द्वारा कथित तौर पर पत्थरबाजी करने के बाद हुई नई झड़पों में कम से कम छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। प्रदर्शन स्थल पर तनाव बढ़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। यह हिंसा CJP के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हुई झड़पों के कुछ दिनों बाद हुई है।
यह भी पढ़ें – आंदोलन में शामिल छात्रों पर न हो दंडात्मक कार्रवाई, सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म करने के लिए सरकार के सामने रखी ये शर्तें



