Home भारत संसद मार्च के दौरान पुलिस ने चलाई पैलेट गन, राहुल गांधी ने...

संसद मार्च के दौरान पुलिस ने चलाई पैलेट गन, राहुल गांधी ने घायल छात्र के साथ की प्रेस कॉन्फ्रेंस

शुक्रवार (24 जुलाई) को मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि छात्र पर तब पैलेट गन चलाई गई जब वह तिरंगा लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहा था। उन्होंने दावा किया कि जिस युवक को गोली लगी, उसकी एक आंख की रोशनी चली गई है।

rahul gandhi press conference with a student claimed usage of pallet gun, राहुल गांधी
फोटोः एक्स

नई दिल्लीः लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार (24 जुलाई) को सरकार की कड़ी आलोचना की और आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्र प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया।

गांधी अपने दावे को साबित करने के लिए एक ऐसे छात्र को सबके सामने लाए जिसकी आंख में कथित तौर पर चोट लगी थी। शुक्रवार (24 जुलाई) को मीडिया से बात करते हुए राहुल ने कहा कि छात्र पर तब पैलेट गन चलाई गई जब वह तिरंगा लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहा था। उन्होंने दावा किया कि जिस युवक को गोली लगी, उसकी एक आंख की रोशनी चली गई है।

राहुल गांधी ने पैलेट गन के इस्तेमाल का किया दावा, छात्र के साथ की प्रेस कॉन्फ्रेंस

राहुल गांधी ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें दावा किया कि 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान एक छात्र को पैलेट गन लगी। गांधी इस दौरान छात्र के साथ पहुंचे थे और उन्होंने कहा कि जब वह तिरंगा लेकर प्रदर्शन कर रहे थे तो पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। राहुल ने इसका एक वीडियो भी अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया।

उन्होंने दावा किया कि पैलेट गन के हमले में एक छात्र की आंख गंभीर रूप से घायल हो गई है और उसकी दृष्टि चली गई है। राहुल गांधी ने कहा, “मैं पक्के तौर पर यह भी नहीं कह सकता कि इस युवा की आंखों की रोशनी बच पाएगी या नहीं।”

यह भी पढ़ें – DU-JNU की छात्रों को जंतर-मंतर प्रदर्शन से दूर रहने की सलाह, भड़के राहुल गांधी, कहा- धमकाने की हिम्मत कैसे…

एक्स पर पोस्ट में राहुल ने लिखा कि ” साहिल दिल्ली यूनिवर्सिटी का छात्र है लेकिन परिवार की मदद के लिए वह पार्ट-टाइम कार भी चलाता है। वह खुद 2025 के SSC दिल्ली कॉन्स्टेबल पेपर लीक का शिकार हुआ था। अब उसे डर है कि SSC ने फिर से उसी एजेंसी को कॉन्ट्रैक्ट दे दिया है और पेपर एक बार फिर लीक हो जाएगा। “

उन्होंने आगे लिखा कि “वह न्याय और बेहतर भविष्य की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुआ था। आज हालात ऐसे हैं कि उसकी एक आंख की रोशनी हमेशा के लिए जाने का खतरा है।”

धर्मेंद्र प्रधान पर बोला हमला

राहुल गांधी ने इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि ” धर्मेंद्र प्रधान एक आपराधिक शिक्षा मंत्री हैं। उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए। वह देश की शिक्षा व्यवस्था के पतन का प्रतीक हैं। आज हजारों लोग सड़कों पर हैं, इसके लिए वही जिम्मेदार हैं। “

उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने देश के भविष्य पर हमला किया है जबकि छात्र केवल तीन मांगें रख रहे हैं।

राहुल गांधी के अनुसार प्रदर्शन कर रहे छात्रों की प्रमुख मांगें हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। छात्रों के साथ कथित बर्बरता करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों और देश से माफी मांगें।

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि सरकार छात्रों को डराना-धमकाना और उनके साथ मारपीट करना बंद करे तथा उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उन्हें पूरा करे।

यह भी पढ़ें – हिमाचल प्रदेश में बड़ा हादसा, लैंडस्लाइड से टैक्सी मलबे में दबी; 13 लोगों की मौत

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version