Home मनोरंजन पुष्पा 2 भगदड़ मामले में अल्लू अर्जुन और उनकी सुरक्षा टीम का...

पुष्पा 2 भगदड़ मामले में अल्लू अर्जुन और उनकी सुरक्षा टीम का नाम चार्जशीट में दाखिल

पुष्पा 2 भगदड़ मामले में अभिनेता अल्लू अर्जुन का नाम पुलिस द्वारा जमा की गई चार्जशीट में शामिल है। वहीं थिएटर को मुख्य आरोपी बनाया गया है।

pushpa 2 stampede case allu arjun and security team named chargesheet along with theatre, पुष्पा 2
फोटोः आईएएनएस

Pushpa 2 Stampede Case: दिसंबर 2024 में पुष्पा 2 के प्रीमियर के दौरान हुई भगदड़ मामले में पुलिस ने आरोपपत्र दायर किया है। इसमें अभिनेता अल्लू अर्जुन और उनकी सुरक्षा टीम समेत 23 लोगों के नाम शामिल हैं। यह भगदड़ हैदराबाद के चिकडपल्ली में हुई थी।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, थिएटर प्रबंधन का नाम मुख्य आरोपी के रूप में दायर किया गया है। अल्लू अर्जुन को 11वें नंबर के आरोपी के रूप में नामजद किया गया है।

थिएटर प्रबंधन को कार्यक्रम के दौरान भीड़ नियंत्रण करने में हुई चूक के लिए भी जिम्मेदार ठहराया गया है।

पुष्पा 2 की स्क्रीनिंग के दौरान हुई थी भगदड़

4 दिसंबर 2024 को संध्या थिएटर में पुष्पा 2 फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान भगदड़ हो गई थी। जिसमें एक 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई थी और उनका आठ वर्षीय बेटा घायल हो गया था।

भगदड़ तब हुई जब भारी संख्या में प्रशंसक फिल्म के प्रीमियर के दौरान अभिनेता अल्लू अर्जुन की झलक के लिए इकट्ठे हो गए। घटना के बाद शहर की पुलिस ने अल्लू अर्जुन के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

मृतक महिला के परिवार द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर अल्लू अर्जुन और उसकी सुरक्षा टीम तथा थिएटर प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि घटना संध्या थिएटर प्रबंधन की लापरवाही के कारण हुई जिससे उसे आरोपी 1 (A1) के रूप में नामजद किया गया है।

कथित तौर पर यहां स्थिति तब बिगड़ी जब अल्लू अर्जुन पहुंचे और दर्शकों की भीड़ भारी संख्या में जमा हो गई। इस दौरान पुलिस और सुरक्षाबलों की मौजूदगी के बाद भी हालात बेकाबू हो गए और अफरा-तफरी मच गई।

इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, इस मामले में अल्लू अर्जुन के अलावा आठ बाउंसर, तीन मैनेजर और चार चश्मदीदों के नाम शामिल हैं।

अल्लू अर्जुन की हुई थी गिरफ्तारी

अल्लू अर्जुन को इस मामले में 13 दिसंबर 2024 को गिरफ्तार किया गया था और अगले दिन तेलंगाना हाई कोर्ट द्वारा अंतरिम जमानत के बाद रिहा किया गया था। बाद में उन्हें नियमित जमानत दी गई।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हालांकि बाद में अल्लू अर्जुन पर आरोप लगाया था कि भगदड़ की सूचना मिलने के बाद भी उन्होंने रोड शो जारी रखा। इसके बाद, हैदराबाद पुलिस ने संध्या थिएटर से सीसीटीवी फुटेज जारी किया, जिसमें कथित तौर पर अभिनेता को त्रासदी की सूचना मिलने के बाद भी थिएटर छोड़ने में आनाकानी करते हुए दिखाया गया।

अल्लू अर्जुन और फिल्म पुष्पा के निर्माताओं ने पीड़ित परिवार को वित्तीय सहायता प्रदान की। वहीं, तेलंगाना सरकार ने भी परिवार के लिए मुआवजे की घोषणा की थी।

फिल्म निर्माताओं ने पीड़ित परिवार को 2 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की थी।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version