Home भारत पंजाब में धमाकों के पीछे पाकिस्तान की साजिश? ISI का जिक्र करते...

पंजाब में धमाकों के पीछे पाकिस्तान की साजिश? ISI का जिक्र करते हुए डीजीपी ने क्या खुलासा किया?

0
पंजाब में धमाकों के बाद अलर्ट
पंजाब में धमाकों के बाद अलर्ट। IANS

अमृतसरः पंजाब के जालंधर और अमृतसर में हुए हालिया विस्फोटों के बाद राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बुधवार को आशंका जताई कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ की बरसी से पहले राज्य की शांति भंग करने की कोशिश कर रही है।

डीजीपी गौरव यादव ने अमृतसर में खासा आर्मी कैंप के पास हुए विस्फोट स्थल का मुआयना करने के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच से संकेत मिल रहे हैं कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई राज्य में हालात बिगाड़ने की साजिश रच रही है। यह कोशिश ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी से पहले पंजाब का माहौल खराब करने के मकसद से की जा सकती है।

डीजीपी ने सेना के अधिकारियों के साथ सुरक्षा चिंताओं पर चर्चा की और अमृतसर कमिश्नरेट व सीमा रेंज के वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

पंजाब में दो धमाके हुए, आईएसआई पर जताया शक

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10:50 बजे अमृतसर के खासा आर्मी कैंप की चारदीवारी के पास कम तीव्रता वाला धमाका हुआ। यह घटना जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के नजदीक हुए इसी तरह के धमाके के लगभग दो घंटे बाद सामने आई।

घटना की सूचना मिलते ही अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी समेत पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही बीएसएफ की बम निरोधक टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी जांच के लिए तैनात किया गया। डीजीपी ने बताया कि पूरे इलाके को सैनिटाइज कर सबूत जुटाए गए हैं। फोरेंसिक जांच के लिए घटनास्थल से कई नमूने और अन्य सामग्री एकत्र की गई है।

उन्होंने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सेना और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। कई टीमें ह्यूमन इंटेलिजेंस, टेक्निकल इनपुट और फोरेंसिक साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि धमाका कम तीव्रता का था, लेकिन इस्तेमाल किए गए विस्फोटक उपकरण की प्रकृति और धमाके के तरीके का पता फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। हालांकि अब तक किसी संगठन ने इन धमाकों की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन डीजीपी ने पाकिस्तान की भूमिका से इनकार नहीं किया।

उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि यह पंजाब में अशांति फैलाने और संवेदनशील समय पर माहौल खराब करने की पाकिस्तान समर्थित साजिश का हिस्सा हो सकता है। पंजाब लंबे समय से पाकिस्तान के खिलाफ एक प्रॉक्सी वॉर का सामना कर रहा है। दोषियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

उधर, मीडिया से बात करते हुए जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि यह धमाका एक स्कूटर में हुआ था। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि शुरुआती जांच में फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीमों को ऐसे संकेत मिले हैं कि धमाके में किसी विस्फोटक पदार्थ का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने बताया कि मामले की गहन तकनीकी जांच जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कई महत्वपूर्ण सुरागों पर काम किया जा रहा है।

धनप्रीत कौर ने कहा, “मामला अभी जांच के शुरुआती चरण में है, लेकिन जांच एजेंसियों को कई अहम लीड मिली हैं। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, और जानकारी साझा की जाएगी।”

सीएम भगवंत मान ने भाजपा पर लगाया आरोप

इस बीच इन धमाकों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जांच जारी है, लेकिन जिस तरह भाजपा जिन राज्यों में चुनाव लड़ती है, वहां पहले तनाव, छोटे धमाके और सामाजिक विभाजन की राजनीति देखने को मिलती है, उससे सवाल उठते हैं। पंजाब में 2027 चुनावों की तैयारी इसी दिशा में दिख रही है।

मान ने कहा कि पंजाब सरकार किसी भी कीमत पर राज्य की शांति भंग नहीं होने देगी। उन्होंने कहा, “पंजाब ने पहले भी कठिन दौर देखे हैं। यहां के लोग शांति पसंद करते हैं और अब किसी भी तरह की नफरत की राजनीति बर्दाश्त नहीं करेंगे। कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रखी जाएगी और दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।”

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version