Home भारत पंजाबः एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को बड़ी सफलता, लॉरेंस गैंग का इनामी...

पंजाबः एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को बड़ी सफलता, लॉरेंस गैंग का इनामी शूटर आरजू बिश्नोई गिरफ्तार

आरोपी आरजू बिश्नोई लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। इससे पुलिस के लिए उसे ट्रैक करना एक बड़ी चुनौती बन गया था।

0
Canada terrorist designation,Lawrence Bishnoi gang,Khalistani leader Hardeep Singh Nijjar,diaspora intimidation, लॉरेंस बिश्नोई गैंग, कनाडा में बिश्नोई गैंग आतंकी संगठन घोषित,
फोटोः आईएएनएस

पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने संगठित अपराध के खिलाफ अभियान चलाते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय सदस्य आरजू बिश्नोई को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .32 बोर की पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। इससे पुलिस के लिए उसे ट्रैक करना एक बड़ी चुनौती बन गया था। हालांकि, एजीटीएफ ने गुप्त सूचनाओं के आधार पर एक सटीक रणनीति तैयार की और घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

राजस्थान में एक हत्या में वांछित था

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि आरजू बिश्नोई राजस्थान में एक हत्या के मामले में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर राजस्थान पुलिस ने नकद इनाम भी घोषित किया हुआ था। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और संभावित आगामी वारदातों की कड़ी जोड़ने के लिए गहन पूछताछ कर रही है।

शुरुआती जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं कि आरोपी पंजाब और राजस्थान सहित कई राज्यों के अपराधी गिरोहों के सीधे संपर्क में था। पुलिस को अंदेशा है कि आरजू बिश्नोई का यह नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध हथियारों की तस्करी और रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है। अब जांच एजेंसियां इस नेटवर्क की गहराई तक जाने और इसके पीछे के मास्टरमाइंड्स का पता लगाने में जुटी हैं।

ये भी पढ़ेंः यूपी में भीषण लू का सितम, कई जिलों में ‘येलो अलर्ट’, 27 अप्रैल से बारिश लेकर आएगी राहत

विदेशी गैंगस्टरों के मॉड्यूल का भी भंडाफोड़

इससे पहले, एजीटीएफ ने विदेशों में बैठे गैंगस्टरों द्वारा संचालित एक बड़े गिरोह को नेस्तनाबूद करते हुए चार गुर्गों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से दो विदेशी .30-कैलिबर पिस्तौल और आठ कारतूस बरामद हुए थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पटियाला जिले के विभिन्न गांवों के निवासी अरमान सिंह, चिराग, रविंदर सिंह उर्फ राहुल और अक्षय उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है।

एडीजीपी (एजीटीएफ) प्रमोद बान के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि इस मॉड्यूल के चार सदस्य अंबाला-चंडीगढ़ राजमार्ग से मोहाली की ओर जा रहे हैं। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मोहाली पुलिस के साथ मिलकर जेनेटपुर लिंक रोड के पास विशेष नाकाबंदी की गई और संदिग्धों को दबोच लिया गया।

जांच में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार किए गए गिरोह का एक सदस्य जुलाई 2025 में अबोहर के ‘वेयर वेल’ शोरूम मालिक की हत्या के सनसनीखेज मामले में शामिल था। डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य से गैंगस्टर नेटवर्क को जड़ से खत्म करने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version