Home मनोरंजन ‘पवित्र रिश्ता’ फेम एक्ट्रेस Priya Marathe का निधन, 38 साल की उम्र...

‘पवित्र रिश्ता’ फेम एक्ट्रेस Priya Marathe का निधन, 38 साल की उम्र में कैंसर से हारी जंग

प्रिया मराठे पिछले एक साल से कैंसर से जूझ रही थीं। उन्होंने इलाज भी कराया, लेकिन इस बीमारी से उबर नहीं पाईं। उनके अचानक निधन से उनके दोस्त, सह-कलाकार और प्रशंसक सदमे में हैं।

0
Priya Marathe, Priya Marathe dies, Priya Marathe cancer, Priya Marathe dead, Priya Marathe death, प्रिया मराठे का निधन,
प्रिया मराठे पिछले एक साल से कैंसर से जूझ रही थीं। फोटोः इंस्टाग्राम/priyamarathe

मुंबई: टीवी एक्ट्रेस और पवित्र रिश्ता से घर-घर में पहचानी जाने वालीं प्रिया मराठे (Priya Marathe) का रविवार को 38 साल की उम्र में निधन हो गया। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने 31 अगस्त, 2025 को मुंबई के मीरा रोड स्थित अपने घर में आखिरी साँस ली।

प्रिया मराठे को साल 2023 में कैंसर का पता चला था। वह इससे दो सालों से जूझ रही थीं। उन्होंने इलाज भी कराया, लेकिन इस बीमारी से उबर नहीं पाईं। रिपोर्टों के मुताबिक वह सुबह 4 बजे मीरा रोड के अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके अचानक निधन से उनके दोस्त, सह-कलाकार और प्रशंसक सदमे में हैं।

कैसा रहा प्रिया का सफर?

प्रिया मराठे का जन्म 23 अप्रैल, 1987 को महाराष्ट्र के ठाणे में हुआ था। यहीं से उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की और एक्टिंग की दुनिया में अपनी जगह बनाई। शुरुआत में उन्होंने एक स्टैंड-अप कॉमेडियन के रूप में काम किया। इसके बाद उन्होंने अपना टीवी डेब्यू 2008 में मराठी सीरियल ‘या सुखानो या’ से किया। इसके बाद वह ‘चार दिवस सासूचे’ में भी नजर आईं।

हालांकि हिंदी टीवी दर्शकों के बीच उन्हें सबसे ज्यादा पहचान जी टीवी के पॉपुलर शो ‘पवित्र रिश्ता’ से मिली, जहाँ उन्होंने अर्चना (अंकिता लोखंडे) की बहन वर्षा का किरदार निभाया था। इस शो में दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत भी मुख्य भूमिका में थे।

इसके अलावा, प्रिया ने कई दूसरे बड़े टीवी शो में भी काम किया। वह ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ में ज्योति मल्होत्रा और ‘साथ निभाना साथिया’ में नेगेटिव किरदार भवानी राठौड़ के रूप में भी नजर आईं। उन्होंने ‘उतरन’, ‘भारत का वीर पुत्र – महाराणा प्रताप’ और ‘सावधान इंडिया’ जैसे शोज में भी काम किया। मराठी सीरियल ‘तू तिथे मी’ में भी उनके नेगेटिव रोल को काफी पसंद किया गया। प्रिया कुछ समय के लिए कॉमेडी सर्कस का भी हिस्सा रहीं। इसके अलावा प्रिया मराठे साल 2011 में आई फिल्म ‘दिल तो बच्चा है जी’ में भी नजर आई थीं।

प्रिया की जिंदगी में अध्यात्म का भी खास महत्व था। 24 अप्रैल, 2012 को उन्होंने अभिनेता शांतनु मोगे से शादी की थी। शांतनु ने भी ‘स्वराज्य रक्षक संभाजी’ सीरीज में एक अहम किरदार निभाया था। प्रिया मराठे का असमय जाना मराठी और हिंदी मनोरंजन जगत के लिए एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है।

इन ऐक्टर्स की भी कैंसर से हुई मौत

बता दें कि कैंसर से कई फिल्मी हस्तियों जान गंवाए हैं। इनमें ऋषि कपूर, इरफान खा, टॉम ऑल्टर, नरगिस दत्त, राजेश खन्ना, विनोद खन्ना, फिरोज खान जैसे दिग्गजों के नाम शामिल हैं। ऋषि कपूर और इरफान खान की कैंसर से 2020 में मौत हुई थी। इरफान खान का 29 अप्रैल तो ऋषि कपूर 30 अप्रैल को दुनिया को अलविदा कह गए।

बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना को भी कैंसर था। 2011 में उन्हें कैंसर का पता चला, जो बाद में उनके लिवर तक फैल गया और उनकी मृत्यु का कारण बना। 18 जुलाई, 2012 को वे इस फानी दुनिया को अलविदा कह गए।

इसके अलाव राजेश खन्ना की पत्नी डिंपल कपाड़िया की बहन सिंपल कपाड़िया की मौत का कारण भी कैंसर बना था। 2006 में उन्हें कैंसर का पता चला और नवंबर 2009 में 51 वर्ष की आयु में उनका दुखद निधन हो गया।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version