Home भारत पीएम मोदी का 28 नवंबर से छत्तीसगढ़ में तीन दिन का प्रवास,...

पीएम मोदी का 28 नवंबर से छत्तीसगढ़ में तीन दिन का प्रवास, क्या है कार्यक्रम?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए जा रहे हैं। देश के सैकड़ों वीवीआईपी की सुरक्षा को लेकर राज्य और केंद्रीय सुरक्षा बल के हजारों जवान नवा रायपुर के चप्पे चप्पे पर नजर रखेंगे। एसपीजी की टीम के 22 नवंबर को रायपुर पहुंचने की संभावना है।

0
Narendra Modi (File Photo)
फाइल फोटो

रायपुर: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तीन दिनों के प्रवास पर रहेंगे। मोदी 28 से 30 नवंबर तक होने वाली डीजीपी कॉन्फ्रेंस में शिरकत करेंगे। आयोजन नवा रायपुर के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट परिसर में होगा। इस कॉन्फ्रेंस में देश के सभी राज्यों के डीजीपी, होम सेक्रेटरी और आईजी भी शामिल होंगे।

डीजीपी कॉन्फ्रेंस में देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत करने, नक्सलवाद का निपटारा, आधुनिक पुलिसिंग के तरीके और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से जांच को वैज्ञानिक तरीके से मजबूत करने जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।

छत्तीसगढ़ को पहली बार मेजबानी का अवसर

देश के अलग अलग हिस्सों में हर वर्ष होने वाली डीजीपी कॉन्फ्रेंस की मेजबानी का मौका छत्तीसगढ़ को पहली बार मिला है। 28 से 30 नवंबर तक चलने वाली बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और सेंट्रल फोर्सेज के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस भी हिस्सा लेंगे। इस बैठक को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने क्या कहा?

कॉन्फ्रेंस की जानकारी देते हुए प्रदेश के गृहमंत्री और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि आयोजन को लेकर सभी उत्साहित हैं। शर्मा ने कहा कि एक महीने में देश के प्रधानमंत्री का दूसरी बार प्रदेश प्रवास करने से निश्चित ही प्रशासनिक कसावट के साथ उत्साह का संचार होता है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रायपुर आए थे।

गृहमंत्री शर्मा ने यह भी बताया कि इस बार प्रधानमंत्री मोदी पूरे तीन दिनों तक रायपुर में रहेंगे। उन्होंने कहा कि कॉन्फ्रेंस में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी । उनमें से एक विषय नक्सलवाद भी हो सकता है। हालांकि इसके लिए अलग से लगातार बात होती रहती है। देश के गृहमंत्री अमित शाह ने अपने रायपुर प्रवास के दौरान दावा किया था कि मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्सलवाद का सफाया कर दिया जाएगा। ऐसे में कुछ ही इलाकों में सिमट चुके माओवादियों के खात्मे की रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है।

कॉन्फ्रेंस के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के सैकड़ों वीवीआईपी की सुरक्षा को लेकर राज्य और केंद्रीय सुरक्षा बल के हजारों जवान नवा रायपुर के चप्पे चप्पे पर नजर रखेंगे। खबर है एसपीजी की टीम 22 नवंबर को रायपुर पहुंच जाएगी। अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो का कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। एसपीजी की टीम के आने के बाद ही इस पर फैसला संभव है।

प्रधानमंत्री मोदी अपने प्रवास के दौरान नवा रायपुर में विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह के बंगले में रुकेंगे। इस बंगले को अस्थाई रूप से पीएमओ बनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय डीजीपी कॉन्फ्रेंस का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। इससे पहले 2024 में यह कॉन्फ्रेंस ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित हुआ था।

author avatar
प्रवीण सिंह
छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले का रहने वाला हूं। पिछले 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिष्ठित चैनल ईटीवी और सहारा समय के प्रदेश में पहले रिपोर्टर, 2001 में मुंबई से रायपुर आने के बाद लगातार विभिन्न चैनलों , प्रिंट और ईटीवी भारत की वेबसाइट में भी अपनी सेवाएं दी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version