Home भारत पुतिन को रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे पीएम मोदी, 11 साल में दुनिया...

पुतिन को रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे पीएम मोदी, 11 साल में दुनिया के और किन नेताओं के लिए प्रधानमंत्री ने तोड़ा प्रोटोकॉल?

पीएम नरेंद्र मोदी ने जिस तरह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत किया, वह भारत की ओर से रूस के साथ रणनीतिक संबंधों को दिए जाने वाले महत्व का प्रमाण है। खासकर रूसी तेल आयात को लेकर भारत पर अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ की पृष्ठभूमि में यह और अहम हो जाता है।

0
New Delhi: Prime Minister Narendra Modi receives Russian President Vladimir Putin upon his arrival at Palam Airport, in New Delhi on Thursday, December 4, 2025. (Photo: IANS/PMO)

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार शाम दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने एयरपोर्ट पर एक-दूसरे को गले लगाया और गर्मजोशी से अभिवादन किया। इसके बाद एक ही गाड़ी में हवाई अड्डे से पीएम आवास के लिए रवाना हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आवास पर पुतिन के लिए डिनर की मेजबानी की, जो रूसी राष्ट्रपति द्वारा पिछले साल प्रधानमंत्री मोदी की मॉस्को यात्रा के दौरान की गई मेजबानी की याद दिलाता है। 2022 में यूक्रेन के साथ रूस का युद्ध शुरू होने के बाद से यह पुतिन की पहली भारत यात्रा है।

पुतिन दो दिनों की भारत यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान रक्षा और ऊर्जा सहित कई प्रमुख मुद्दों पर दोनों देशों के बीच चर्चा की जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी की ओर से ऐसा स्वागत दुनिया के कुछ चुनिंदा नेताओं को ही मिला है। पीएम मोदी ने जिस तरह पुतिन का स्वागत किया, वह रूस के साथ रणनीतिक संबंधों को दिए जाने वाले महत्व का प्रमाण है। खासकर रूसी तेल आयात को लेकर भारत पर अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ की पृष्ठभूमि में यह और अहम हो जाता है। वैसे, पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने हवाई अड्डे पर केवल छह वैश्विक नेताओं का स्वागत किया है।

बराक ओबामा: ऐसा पहला अवसर 2015 में आया था, जब तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा गणतंत्र दिवस परेड के मुख्य अतिथि थे और दिल्ली आए थे। इस यात्रा के दौरान दोनों नेताओं ने परमाणु दायित्व के मुद्दे पर अंतिम रूप से बातचीत की थी, जिसने अरबों डॉलर के एक सौदे को छह साल से अटका रखा था। तब पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति के स्वागत के लिए हवाई अड्डे पहुंचे थे।

शेख हसीना: अप्रैल 2017 में प्रधानमंत्री मोदी तत्कालीन बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख हसीना का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डा पहुंचे थे। शेख हसीना सात साल के अंतराल के बाद भारत आई थीं। यह यात्रा तीस्ता जल विवाद के बीच हुई थी। तब तीस्ता समझौते को अंतिम रूप न दे पाने के लिए उनकी घरेलू स्तर पर आलोचना हुई थी।

शिंजो आबे: उसी साल यानी 2017 में प्रधानमंत्री मोदी ने अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे का स्वागत किया था। दोनों नेताओं के बीच घनिष्ठ व्यक्तिगत संबंध थे, जो रणनीतिक संबंधों में भी परिलक्षित हुआ। भारत तब अपनी पहली बुलेट ट्रेन की योजना बनाने में जुटा था। पहली ट्रेन अहमदाबाद और मुंबई के बीच चलने की उम्मीद थी और आबे, जो भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत आए थे, उन्होंने ट्रेन के शिलान्यास समारोह में भी भाग लिया।

डोनाल्ड ट्रंप: साल 2020 में प्रधानमंत्री मोदी ने अहमदाबाद हवाई अड्डे से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम (अब नरेंद्र मोदी स्टेडियम) में एक रैली की, जिसमें 1,00,000 लोगों ने भाग लिया था।

मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान: जनवरी 2024 में प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का स्वागत किया, जो वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन में भाग लेने आए थे।

अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी: इसी साल फरवरी में, प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली हवाई अड्डे पर कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी का स्वागत किया था।

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version