Home भारत पीएम मोदी 75वें जन्मदिन पर करेंगे PM मित्र पार्क और ‘स्वस्थ नारी...

पीएम मोदी 75वें जन्मदिन पर करेंगे PM मित्र पार्क और ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ का करेंगे उद्घाटन

पीएम मोदी अपने 75वें जन्मदिन पर मध्य प्रदेश के धार में पीएम मित्र पार्क और स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान योजना का शुभारंभ करेंगे।

pm modi will launch pm mitra park and swasth nari sashakt parivar abhiyan on 75th birthday, पीएम मोदी
पीएम मोदी जन्मदिन पर पीएम मित्र पार्क का करेंगे उद्घाटन, फोटोः आईएएनएस

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार, 17 सितंबर को 75वां जन्मदिन मनाएंगे। इस दौरान वह मध्य प्रदेश के धार में पीएम मित्र पार्क और ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ का उद्घाटन करेंगे।

पीएम मोदी अपने जन्मदिन पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के संयुक्त नेतृत्व में एक बड़ी पहल की शुरुआत करने वाले हैं। महिला एवं बाल स्वास्थ्य के लिए भारत के अब तक के सबसे बड़े अभियान के रूप में प्रचारित, इस अभियान के तहत देश भर में एक लाख से ज्यादा स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर रोजाना शिविर भी लगाए जाएंगे।

किस बारे में है यह अभियान?

‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ एक ऐसी पहल है जिसके जरिए सामुदायिक स्तर पर महिलाओं के लिए स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसके जरिए महिलाओं को गैर-संचारी रोगों, एनीमिया, टीबी और सिकल सेल रोग की जांच की जाएगी। इसके अलावा रोगों की शीघ्र पहचान के बाद उपचार संबंधी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इस अभियान का उद्देश्य प्रसवपूर्ण देखभाल, टीकाकरण, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, जीवनशैली और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से मातृ शिशु एवं किशोर स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इस बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि इस अभियान का उद्देश्य देशभर में महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही देखभाल की गुणवत्ता, पहुंच को बढ़ावा देना और जागरुकता फैलाना है। उन्होंने निजी अस्पतालों और स्वास्थ्य क्षेत्र के हितधारकों से आग्रह किया कि इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हों और ‘जन भागीदारी अभियान’ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर धार में होगा कार्यक्रम

पीएम मोदी के जन्मदिन पर मध्य प्रदेश के धार में इस अभियान हेतु कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान उन्हें दो मंडप दिखाए जाएंगे। इनमें से एक में लगभग 15 स्टॉल होंगे जो महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए समर्पित सेवाओं और उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला दिखाएंगे।

यह भी पढ़ें – असमः प्रशासनिक अधिकारी नुपुर बोरा के घर से 92 लाख रुपये और सोना बरामद, बिस्वा सरमा ने कहा – हिंदुओं की जमीन मुसलमानों को बेचकर कमाया मुनाफा

वहीं, दूसरे मंडप में पीएम मित्र पार्क (PM MITRA Park) पहल पर प्रकाश डाला जाएगा। इसे भारत के कपड़ा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए डिजाइन किया गया है। देश के सात राज्यों में ये पार्क बनना प्रस्तावित है। इसकी शुरुआत मध्य प्रदेश से होगी। इसे 2100 एकड़ में विकसित किया जाएगा। इस पार्क को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के प्रयास हेतु पूरी तरह से सोलर एनर्जी से संचालित किया जाएगा।

अन्य राज्यों में भी खुलेंगे पीएम मित्र पार्क

इस परियोजना के तहत बड़े पैमाने पर लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। मध्य प्रदेश के धार के अलावा उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ, कर्नाटक के कलबुर्गी, महाराष्ट्र के अमरावती, तमिलनाडु के विरुद्धनगर, गुजरात के नवसारी और तेलंगाना के वारंगल में ये पार्क स्थापित किए जाएंगे।

17 सितंबर को पीएम मोदी 75 साल के पूरे हो जाएंगे। इस दौरान देशभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version