Homeभारत16 महीने बाद पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात, G7 समिट में...

16 महीने बाद पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात, G7 समिट में हाथ मिलाया…साथ बैठे

फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान जब दोनों नेता आमने-सामने आए तो गर्मजोशी से हाथ मिलाकर एक-दूसरे का अभिवादन किया गया। हालांकि, दोनों नेता गले नहीं मिले।

नई दिल्ली: फ्रांस के इवियान में जी-7 समिट के दौरान मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई। पिछले कुछ महीनों में ट्रंप की ओर से भारत को लेकर कई तरह के उकसाने वाले बयान, टैरिफ, ऑपरेशन सिंदूर आदि जैसे घटनाक्रमों के बीच 16 महीनों बाद दोनों नेता आखिरकार आमने-सामने आए।

इस बीच हालांकि, फोन पर ट्रंप और पीएम मोदी कई बात बातचीत होती रही है। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक की भी संभावना जताई जा रही है, जो बुधवार को हो सकती है।

बहरहाल, फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान जब दोनों नेता आमने-सामने आए तो गर्मजोशी से हाथ मिलाकर एक-दूसरे का अभिवादन किया गया। इसके बाद कुछ सेकेंड की बातचीत भी हुई और फिर ये साथ बैठे। ये मुलाकात उस समय हुई जब पीएम मोदी जी-7 समिट में शिरकत करने के लिए मीटिंग हॉल में पहुंचे।

हैंडशेक…बातचीत पर नहीं मिले गले

कार्यक्रम स्थल से सामने आए दृश्यों में प्रधानमंत्री मोदी मुस्कुराते हुए डोनाल्ड ट्रंप का अभिवादन करते नजर आ रहे। इसके बाद दोनों नेताओं ने अन्य वैश्विक नेताओं के साथ अपनी-अपनी सीट ग्रहण की। दिलचस्प ये भी रहा कि इस मुलाकात में दोनों नेता गले मिलते नजर नहीं आए, जो अक्सर पूर्व की मुलाकातों में दिखता रहा है।

इससे पहले भारतीय प्रधानमंत्री और डोनाल्ड ट्रंप के बीच आखिरी मुलाकात फरवरी 2025 में पीएम मोदी की वॉशिंगटन यात्रा के दौरान हुई थी। उस समय डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में अपना दूसरा कार्यकाल शुरू किए कुछ ही दिन हुए थे।

दोनों नेताओं की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब भारत-अमेरिका संबंध हाल के दिनों में कुछ तनावपूर्ण परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े घटनाक्रम और भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी टैरिफ को लेकर दोनों देशों के रिश्तों में तनाव की स्थिति एक तरह से अब भी बनी हुई है।

फ्रांस के दो दिवसीय दौरे पर पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए एवियन पहुंचे हैं। यह लगातार सातवीं बार है जब प्रधानमंत्री मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं। इसे वैश्विक चर्चाओं में भारत की बढ़ती भूमिका के तौर पर देखा जा रहा है।

जी7 शिखर सम्मेलन के एजेंडे में वैश्विक आर्थिक स्थिरता, ऊर्जा सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, यूक्रेन और पश्चिम एशिया में संघर्षों के साथ-साथ व्यापक भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा होने की उम्मीद है। हालांकि भारत जी7 समूह का सदस्य नहीं है, लेकिन वह इस मंच पर नियमित रूप से भागीदारी करता रहा है।

बताते चलें कि फ्रांस ने समिट में G7 देशों के अलावा कई अन्य देशों के नेताओं को भी बुलाया है। इनमें पीएम मोदी के अलावा मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज, नासियो लूला दा सिल्वा, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यंग, केन्या के राष्ट्रपति विलियम रुटो जैसे नाम शामिल हैं।

पीएम मोदी से पहले अटल बिहारी वाजपेयी 2003 में और फिर मनमोहन सिंह भी बतौर प्रधानमंत्री 2005, 2006, 2007, 2008 और 2009 के जी7 समिट में हिस्सा ले चुके हैं। पीएम मोदी 2019 से लगातार जी7 समिट में हिस्सा ले रहे हैं।

यह भी पढ़ें- वायरल वीडियो पर घिरे भगवंत मान, अकाल तख्त ने गुरु दोषी करार दिया; क्या बोले पंजाब सीएम?

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular