रांचीः यहां निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय पर मंगलवार देर रात पेट्रोल बम से हमला करने की कोशिश की गई। दो अज्ञात युवकों ने कार्यालय को निशाना बनाते हुए दो पेट्रोल बम फेंके, लेकिन दोनों ही कार्यालय परिसर तक नहीं पहुंच सके। घटना में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात दो युवक आरएसएस कार्यालय के पास पहुंचे और परिसर की ओर पेट्रोल बम फेंके। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चिली सॉस की कांच की बोतलों में पेट्रोल भरकर देसी पेट्रोल बम तैयार किए गए थे। इनमें से एक बोतल कार्यालय की बाउंड्री के पास ही गिर गई, जबकि दूसरी भी परिसर तक नहीं पहुंच सकी। इस वजह से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
रांची के एसपी सिटी पारस राणा ने बताया कि शुरुआती जांच में दो युवकों की संलिप्तता सामने आई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दोनों संदिग्ध कार्यालय की ओर पेट्रोल बम फेंकते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
स्थानीय लोगों ने क्या बताया?
जांच के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने आरएसएस कार्यालय और पास स्थित एक होटल के बीच कथित विवाद की ओर भी इशारा किया है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचे बिना सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ेंः दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़; 7 गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता आरएसएस कार्यालय पहुंचे। भाजपा नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर मामले को आगे बढ़ाया जा रहा है। जल्द ही घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट के साथ



