Homeभारतदिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़; 7...

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़; 7 गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि मॉड्यूल के सदस्यों ने दिल्ली-NCR में कई अहम जगहों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों की रेकी निगरानी की थी। इन जगहों की तस्वीरें और वीडियो कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स को भेजे जा रहे थे।

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने साथ ही सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया। सामने आई जानकारी के अनुसार यह मॉड्यूल पाकिस्तान में रहने वाले गैंगस्टर से आतंकवादी बने शहजाद भट्टी और अजमल गुज्जर चला रहे थे। माना जाता है कि वे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) के संरक्षण में काम कर रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अवैध हथियार, गोला-बारूद और नशीले पदार्थ हासिल करने और उसे भारत में दूसरे अपराधियों में बांटने में शामिल थे। ये सामान पंजाब सीमा पर ड्रोन से गिराए जाते थे और फिर दिल्ली-NCR में सप्लाई किए जाते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनस त्यागी, मोहित उर्फ ​​योगी, दीपक एग्रोला, आरिफ उर्फ ​​प्रधान, जतन और साबिर (सभी गाजियाबाद के रहने वाले) और पंजाब के करणवीर सिंह के तौर पर हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, उनकी उम्र 26 से 38 साल के बीच है और उनका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसमें हत्या, हत्या की कोशिश, डकैती और आर्म्स एक्ट व NDPS एक्ट के तहत मामले शामिल हैं।

सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, जिंदा कारतूस बरामद

ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने पांच आधुनिक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, 41 जिंदा कारतूस, सात मोबाइल फोन (जिनमें भट्टी और गुज्जर से जुड़े संदिग्ध चैट और वॉयस नोट थे) और एक SUV बरामद की। जांचकर्ताओं को कई बैंक खातों की जानकारी भी मिली है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की बिक्री से हुई कमाई के लेन-देन के लिए किया जाता था।

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के अनुसार मई में खुफिया जानकारी से पता चला था कि भट्टी और गुज्जर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को जल्द और ज्यादा पैसा कमाने सहित ग्लैमर वाली जीवनशैली का लालच देकर दिल्ली-NCR में हमले करने की साजिश रच रहे थे। खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मोहित उर्फ ​​योगी को गिरफ्तार किया, जिसके पास से कथित तौर पर अवैध हथियार और पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के साथ संपर्क के सबूत बरामद हुए।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मॉड्यूल के सदस्यों ने दिल्ली-NCR में कई अहम जगहों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों की रेकी निगरानी की थी। इन जगहों की तस्वीरें और वीडियो कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स को भेजे जा रहे थे। पुलिस ने कहा कि समय पर कार्रवाई से राष्ट्रीय राजधानी में आतंकी हमलों की योजना को नाकाम करने में मदद मिली है।

पिछले महीने भी 9 संदिग्ध हुए थे गिरफ्तार

इससे पहले पिछले महीने के आखिर में भी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 9 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया था। इनके बारे में आरोप है कि इनका संबंध पाकिस्तान स्थित एक नेटवर्क से है। इसमें आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड के कुछ तत्व शामिल हो सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार, ये आरोपी दिल्ली, मुंबई और अन्य प्रमुख शहरों में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों तथा सुरक्षा बलों पर हमलों की साजिश रच रहे थे।

इसमें शहजाद भट्टी नेटवर्क का नाम आया था। फिलहाल ये सभी जेल में हैं। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने सोमवार (16 जून) को इस मामले में चार आरोपियों को 22 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। आरोपियों में हरविंदर सिंह, मंजीत सिंह, गगनदीप सिंह और आंग कामी लामा शामिल हैं। इन सभी पर आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड गैंग के साथ मिलकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। दिल्ली पुलिस ने आईएसआई और अंडरवर्ल्ड नेटवर्क मॉड्यूल मामले में इन आरोपियों को गिरफ्तार किया था और उन पर यूएपीए लगाया है।

यह भी पढ़ें- वायरल वीडियो पर घिरे भगवंत मान, अकाल तख्त ने गुरु दोषी करार दिया; क्या बोले पंजाब सीएम?

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular