Home भारत चार दशक बाद लाया गया अविश्वास प्रस्ताव हुआ खारिज, ओम बिरला की...

चार दशक बाद लाया गया अविश्वास प्रस्ताव हुआ खारिज, ओम बिरला की बच गई कुर्सी

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव खारिज हो गया है। उनके खिलाफ फरवरी में यह प्रस्ताव लाया गया था।

0
om birla safe in no confidence motion against him by opposition, ओम बिरला
फोटोः आईएएनएस

नई दिल्ली: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को खारिज हो गया। सदन में ध्वनिमत से स्पीकर के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संबोधन के बाद ‘स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव’ को ध्वनिमत से खारिज किया गया। हालांकि, संख्या बल को देखते हुए ये पहले से ही तय था कि ये अविश्वास प्रस्ताव खारिज हो जाएगा।

ओम बिरला की बच गई कुर्सी

बता दें कि करीब चार दशक के बाद लोकसभा अध्यक्ष के सामने अविश्वास प्रस्ताव आया था। जानकारी के अनुसार, अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 10 घंटे तय हुए थे, लेकिन समय से ज्यादा चर्चा हुई। लगभग 13 घंटे तक सदन में पक्ष और विपक्ष की तरफ से चर्चा हुई और इसमें 42 से ज्यादा सांसदों ने हिस्सा लिया।

बीते महीने फरवरी में विपक्ष द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और निर्णय होने तक सदन की कार्यवाही में शामिल न होने का फैसला किया था।

विपक्षी दलों ने पक्षपात का लगाया था आरोप

बता दें कि विपक्षी दलों ने आरोप लगाया था कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सदन की कार्यवाही का संचालन निष्पक्ष तरीके से नहीं कर रहे हैं और सत्ता पक्ष के पक्ष में झुकाव दिखा रहे हैं।

विपक्षी दलों ने संविधान के अनुच्छेद 94(सी) के तहत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस सौंपा था।

इस प्रस्ताव पर विपक्षी सांसदों के हस्ताक्षर थे। कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) समेत कई विपक्षी दलों ने इसका समर्थन किया था, जो अब ध्वनिमत से खारिज हो चुका है।

अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस में विपक्षी सांसदों ने आरोप लगाया था कि लोकसभा अध्यक्ष ने बार-बार उन्हें सदन में जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाने का अवसर नहीं दिया जाता है, जिस वजह उन्हें अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने जैसा कदम उठाना पड़ा।

(यह खबर आईएएनएस समाचार एजेंसी की फीड द्वारा प्रकाशित है। इसका शीर्षक बोले भारत न्यूज डेस्क द्वारा दिया गया है।)

author avatar
IANS
Indo-Asian News Service (IANS) भारत की एक निजी समाचार एजेंसी है। यह विभिन्न विषयों पर समाचार, विश्लेषण आदि प्रदान करती है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version