Home भारत नितिन नबीन बने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, पीएम मोदी ने उनके...

नितिन नबीन बने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, पीएम मोदी ने उनके कार्य की सराहना की

बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। 45 वर्षीय नबीन पार्टी के सबसे युवा अध्यक्षों में से एक बन गए हैं।

nitin nabin appointed national executive president of bjp pm modi praised his hard work, नितिन नबीन
नितिन नबीन, फोटोः एक्स

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी की संसदीय समिति ने बिहार के मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नबीन से फोन पर बात की और उनकी नियुक्ति की बधाई दी।

नितिन नबीन हाल में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर विधानसभा सीट पर चुनाव जीतकर विधायक बने हैं। 45 वर्षीय नबीन भारतीय जनता पार्टी के सबसे युवा अध्यक्षों में से एक बन गए हैं। पार्टी महासचिव अरुण सिंह द्वारा एक आधिकारिक आदेश जारी किया गया जिसमें उनकी नियुक्ति की जानकारी दी गई। नितिन की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

नितिन नबीन के कार्यकारी अध्यक्ष चुने जाने पर पीएम मोदी ने की तारीफ

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नितिन नबीन को बधाई दी और उन्हें एक मेहनती कार्यकर्ता की संज्ञा दी। मोदी ने एक्स पर एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा कि “श्री नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे एक युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास संगठन का अच्छा-खासा अनुभव है। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य बहुत प्रभावी रहा है, साथ ही जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने पूरे समर्पण भाव से काम किया है। वे अपने विनम्र स्वभाव के साथ जमीन पर काम करने के लिए जाने जाते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता आने वाले समय में हमारी पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगी। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई। @BJP4India

नबीन बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। उन्हें राज्य में पथ निर्माण मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी को बहुत जल्द नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने की संभावना है। नए अध्यक्ष के चुनाव तक नबीन पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जगह पर काम करेंगे। एक तरह से चुनाव होने तक वह पार्टी के सर्वेसर्वा रहेंगे।

पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा ने बधाई दी। वहीं, नबीन ने अपने चयन का श्रेय कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही हैं जो जिन्होंने नितिन नबीन जैसे नेताओं को पोषित किया है।

https://twitter.com/ians_india/status/2000192428213694872

गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव लंबे समय से लंबित है और मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल कई बार बढ़ाया जा चुका है। ऐसे में अब नबीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद जल्द ही नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होना संभव है।

नबीन ने हालिया विधानसभा चुनाव में बांकीपुर सीट पर करीब 50 हजार मतों से जीत हासिल की थी। 2020 के विधानसभा चुनाव में नबीन ने करीब 40 हजार मतों से जीत हासिल की थी।

उत्तर प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव

इससे पहले शनिवार, 13 दिसंबर उत्तर प्रदेश में अध्यक्ष पद के नामांकन के लिए पंकज चौधरी ने नामांकन किया और वह अध्यक्ष चुने गए। वह महाराजगंज लोकसभा सीट से सात बार के सांसद हैं। 61 वर्षीय पंकज फिलहाल केंद्र सरकार में केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री के पद पर हैं।

उनका चुनाव उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा से पहले ओबीसी वर्ग को साधने के रूप में देखा जा रहा है। उनका चयन समाजवादी पार्टी के पीडीए फॉर्मूला की काट भी बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें – 7 बार के सांसद, कुर्मी चेहरा; कौन हैं पंकज चौधरी जिन्हें मिल सकती है यूपी भाजपा की कमान?

पंकज चौधरी कुर्मी समुदाय से आते हैं और प्रदेश में समुदाय की आबादी करीब 8 फीसदी है। ऐसे में पार्टी के लिए यह एक बड़ा वोटबैंक है। अब देखना है कि पार्टी अध्यक्ष पद के रूप में किसका चुनाव करती है। हाल ही में भाजपा ने बिहार में शानदार जीत दर्ज की है। वहीं, केरल के स्थानीय चुनावों में तिरुवनंतपुरम में शानदार जीत दर्ज की है।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version