Homeखेलकूदआंसुओं के साथ नेमार का 16 साल का इंटरनेशनल करियर खत्म! ब्राजील...

आंसुओं के साथ नेमार का 16 साल का इंटरनेशनल करियर खत्म! ब्राजील 1990 के बाद सबसे जल्दी विश्व कप से बाहर

नेमार अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत ब्राजील के सर्वकालिक सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी के रूप में कर रहे हैं। उनके नाम 80 अंतरराष्ट्रीय गोल दर्ज हैं।

ब्राजीलीयाई फुटबॉल इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में शुमार रहे नेमार ने रविवार को फीफा वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 में ब्राजील की हार के बाद रिटायरमेंट का संकेत दे दिया। न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ब्राजील को नॉर्वे ने 2-1 से हराया। मैच खत्म होने के बाद 34 वर्षीय स्टार फुटबॉलर मैदान पर भावुक नजर आए। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। टेलीविजन कैमरों के सामने वह अपने चेहरे को ब्राजील की जर्सी से ढंकते हुए नजर आए।

मैच के बाद नेमार ने कहा, ‘मैंने कोशिश की, मैंने पूरी कोशिश की। अब यह खत्म हो गया।’ उन्होंने यह भी कहा, ‘मैंने यहीं से शुरुआत की थी और यहीं खत्म किया। यह अब खत्म हो गया है।’

नेमार के इन शब्दों का खास महत्व इसलिए भी है क्योंकि उन्होंने 10 अगस्त 2010 को अमेरिका के खिलाफ इसी स्टेडियम में ब्राजील के लिए अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। उसी मैदान पर उनका पहला अंतरराष्ट्रीय गोल भी आया था और अब उसी जगह उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय सफर के अंत का संकेत दिया है।

हार के साथ ब्राजील वर्ल्ड कप से बाहर

राउंड ऑफ-16 मुकाबले में नॉर्वे के लिए एरलिंग हालांड ने दो गोल किए, जिससे ब्राजील शुरुआती बढ़त हासिल नहीं कर सका। नेमार दूसरे हाफ में बेंच से मैदान पर उतरे और इंजरी टाइम में पेनाल्टी पर गोल कर स्कोर किया, लेकिन यह गोल सिर्फ हार का अंतर कम कर सका। इसके साथ ही ब्राजील का विश्व कप अभियान समाप्त हो गया। इसी के साथ यह 1990 के बाद पहली बार है जब ब्राजील वर्ल्ड कप से इतनी जल्दी बाहर हुआ है।

नेमार- चोट से जूझते रहे, सिर्फ दो मैच खेल सके

पूरे टूर्नामेंट के दौरान नेमार लगातार चोट की परेशानी से जूझते रहे। इसी वजह से वह ब्राजील के पांच मैचों में से सिर्फ दो में ही खेल सके। ग्रुप चरण में स्कॉटलैंड के खिलाफ उन्होंने केवल 15 मिनट मैदान पर बिताए थे, जबकि नॉर्वे के खिलाफ 67वें मिनट में बतौर सब्स्टीट्यूट उतरे।

नेमार अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत ब्राजील के सर्वकालिक सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी के रूप में कर रहे हैं। उनके नाम 80 अंतरराष्ट्रीय गोल दर्ज हैं। यह पेले से तीन अधिक हैं। इसके अलावा नॉर्वे के खिलाफ उनके गोल ने पेले के बाद चार अलग-अलग विश्व कप में गोल करने वाला दूसरा ब्राजीली पुरुष खिलाड़ी भी बना दिया है। नेमार ने ब्राजील के लिए 130 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। इस लिस्ट में उनसे आगे केवल काफू हैं, जिन्होंने 142 मैच खेले थे।

उम्मीदों का बोझ…पर खराब रही किस्मत

नेमार ने एक दशक से भी ज्यादा समय तक ब्राजील की उम्मीदों का बोझ उठाने के बाद इंटरनेशनल स्टेज को अलविदा कहा है। वे 16 साल तक ब्राजील के लिए खेले। हालांकि, शानदार खिलाड़ियों में शामिल रहे नेमार की किस्मत वर्ल्ड कप के मामले में खराब ही रही।

साल 2014 के वर्ल्ड कप में में वे तब चोट से बाहर हो गए थे जब ब्राजील को सेमीफाइनल खेलना था। नेमार तब सबसे दमदार लय में थे। उनके चोटिल होने और टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद खेले गए सेमीफाइनल में ब्राजील को जर्मनी ने 7-1 से रौंदा था। इसके अलावा नेमार के साथ 2018 में बेल्जियम के खिलाफ क्वार्टर-फाइनल की निराशा और 2022 में क्रोएशिया के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में मिले हार का दर्द भी जुड़ा है।

नए दौर की ओर ब्राजील का फुटबॉल!

राउंड ऑफ 16 में हार के बाद ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने रविवार को निराशा जताते हुए कहा कि पूरी टीम बेहद दुखी है, लेकिन अब इस हार से सीख लेकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा, ‘यह मेरे लिए भी एक अनुभव है। यह बेहद निराशाजनक नतीजा है और हम सभी बहुत दुखी हैं। लेकिन यह शानदार टीम थी। मैं अपने खिलाड़ियों का धन्यवाद करता हूं, उन्होंने बहुत मेहनत की। मुझे नहीं लगता कि हम हार के हकदार थे, लेकिन हमें इसे स्वीकार करना होगा।’

उन्होंने आगे कहा, ‘फुटबॉल और खेल ऐसे ही होते हैं। कभी-कभी हार की कड़वाहट को संभालना पड़ता है। मैं ऐसी परिस्थितियों का आदी हूं। हम इस हार को अगली बार के लिए सीख बनाएंगे।’

वहीं, ब्राजील के कप्तान मार्किन्योस ने भी कहा कि अब टीम एक नए दौर में प्रवेश कर रही है और युवा खिलाड़ियों को खुद को स्थापित करने के लिए समय और समर्थकों के धैर्य की जरूरत होगी।

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular