नई दिल्ली: NEET-UG 2026 की दोबारा होने वाली परीक्षा से ठीक पहले नागपुर के एक छात्र का परीक्षा केंद्र अबू धाबी दिए जाने के विवाद में अब राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की सफाई आई है। एनटीए ने शनिवार को इस मामले में सफाई देते हुए दावा किया कि परीक्षा केंद्र में बदलाव उम्मीदवार की ओर से ही किया गया था।
परीक्षा एजेंसी के अनुसार NTA के वेब-एक्टिविटी रिकॉर्ड बताते हैं कि नासिक के एक उम्मीदवार ने निर्धारित ‘करेक्शन विंडो’ के दौरान अपने रजिस्टर्ड लॉगिन क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल करके परीक्षा शहर में बदलाव किया था। एनटीए ने कहा, ‘वेब-एक्टिविटी रिकॉर्ड से पता चलता है कि इस मामले में शहर का बदलाव उम्मीदवार के अपने रजिस्टर्ड लॉगिन के माध्यम से किया गया था। एक्सेस पैटर्न लगातार एक ही यूजर का था।’
NTA ने यह भी दावा किया कि उम्मीदवार के लॉगिन से परीक्षा केंद्र का प्रीव्यू दो बार देखा गया था। इसके बावजूद उम्मीदवार की शिकायत को देखते हुए एजेंसी ने उसके अनुरोध को स्वीकार किया और परीक्षा केंद्र में फिर से बदलाव कर दिया।
क्या है परीक्षा केंद्र विवाद का पूरा मामला?
दरअसल, नागपुर के 18 वर्षीय NEET अभ्यर्थी अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब उस समय हैरान रह गए, जब उन्होंने अपना नया एडमिट कार्ड डाउनलोड किया। उनके एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र नागपुर से 2500 किलोमीटर दूर यूएई के अबू धाबी दिया हुआ था। उनका परीक्षा केंद्र अबू धाबी इंडियन स्कूल दिया गया था, जबकि उनके पास पासपोर्ट तक नहीं है।
एनटीए विदेशों में भी परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराता है, लेकिन आमतौर पर ये केंद्र एनआरआई और अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए होते हैं। 14 जून को जारी हुए एडमिट कार्ड में अबू धाबी का केंद्र आवंटित होने के बाद परिवार ने तुरंत एनटीए हेल्पलाइन से संपर्क किया। परिवार का कहना है कि अधिकारियों ने इसे तकनीकी गलती बताते हुए जल्द सुधार का भरोसा दिया और कुछ घंटों के भीतर केंद्र बदल दिया गया।
पिछले महीने नीट परीक्षा रद्द होने के बाद एनटीए ने अभिभावकों और छात्रों के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर संदेश भेजकर पूछा था कि वे अपना पुराना परीक्षा केंद्र बरकरार रखना चाहते हैं या नया केंद्र चुनना चाहते हैं। इसके साथ ही परीक्षा शुल्क के रूप में जमा 2,500 रुपये की वापसी के लिए बैंक विवरण भी मांगे गए थे। अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने मूल परीक्षा केंद्र बनाए रखने का विकल्प चुना था और कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया गया।
हालांकि, कई अभिभावकों ने दावा किया कि नए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने पर उन्हें दूर-दराज के जिलों या अन्य स्थानों में परीक्षा केंद्र दिए गए
NEET-UG 2026 री-एग्जाम के लिए कड़ी सुरक्षा
इस बीच रविवार को होने वाली NEET-UG 2026 री-एग्जाम को लेकर देशभर में सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। एनटीए के अनुसार, परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 केंद्रों पर आयोजित होगी। इसमें 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। दिव्यांग (PwD/PwBD) उम्मीदवारों, जिन्हें अतिरिक्त समय की सुविधा मिली है, उन्हें शाम 6:20 बजे तक परीक्षा में लिखने की अनुमति होगी।
गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा को प्रश्नपत्र लीक होने के खुलासे के बाद रद्द कर दिया गया था। इसके बाद दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है। एनटीए के मुताबिक, परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन के लिए विशेष एस्कॉर्ट टीमों के साथ व्यापक समन्वय किया गया है।
देशभर में 674 सिटी कोऑर्डिनेटर तैनात किए गए हैं, जबकि 6,669 ऑब्जर्वर परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेंगे। प्रत्येक केंद्र पर सेंटर सुपरिटेंडेंट और इनविजिलेटर भी नियुक्त किए गए हैं। एजेंसी का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया सुनिश्चित करना है।

