नई दिल्ली: सीबीआई ने शनिवार को NEET-UG 2026 परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक (NEET Paper Leak) मामले में एक और कथित मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनीषा गुरुनाथ मंधारे के तौर पर हुई है। ये महाराष्ट्र के पुणे की सीनियर वनस्पति विज्ञान (Botany) शिक्षक है। एजेंसी द्वारा पूछताछ के बाद इन्हें दिल्ली में गिरफ्तार किया गया। सीबीआई का मानना है कि मनीषा मेडिकल प्रवेश परीक्षा में लीक हुए बायोलॉजी के प्रश्नों की मुख्य स्रोत रही।
सीबीआई के अनुसार मनीषा मंधारे NEET-UG 2026 परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी थीं और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा एक्सपर्ट के तौर पर नियुक्त की गई थीं। इस वजह से इन्हें बॉटनी और जूलॉजी के प्रश्नपत्रों तक पहुंच प्राप्त थी। सीबीआई ने बताया कि मंधारे ने अपने पुणे स्थित आवास पर छात्रों के लिए विशेष कोचिंग कक्षाएं आयोजित की। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान के कई प्रश्न लीक किए और छात्रों को उन्हें नोटबुक में लिखने के लिए कहा। एजेंसी ने बताया कि इनमें से अधिकतर प्रश्न 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा (जो अब रद्द हो चुकी है) के वास्तविक प्रश्न पत्र से मेल खाते हैं।
NEET: केमिस्ट्री के रिटायर प्रोफेसर की कल हुई थी गिरफ्तारी
महिला टीचर की गिरफ्तारी सीबीआई द्वारा पेपर लीक मामले में लातूर में रिटायर केमिस्ट्री के प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी की गिरफ्तारी के एक दिन बाद हुई है। शिक्षण क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक समय बिताने वाले कुलकर्णी प्रश्न पत्र तैयार करने वाली समिति के सदस्य के रूप में एनटीए से जुड़े थे। जांचकर्ता प्रश्न तैयार करने में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रहे हैं। सीबीआई ने बताया कि पिछले 24 घंटों में उसने देश भर में छह स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया और कई आपत्तिजनक दस्तावेज, लैपटॉप, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल फोन जब्त किए।
एजेंसी के अनुसार जब्त सामग्री का विस्तृत विश्लेषण जारी है। अब तक इस मामले में दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पांच आरोपियों को पूछताछ के लिए सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि पुणे में गिरफ्तार किए गए दो अन्य आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया और बाद में ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली भेज दिया गया।
बता दें कि शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से लिखित शिकायत मिलने के बाद जांच एजेंसी ने 12 मई को मामला दर्ज किया था। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) 3 मई को आयोजित की गई थी। पेपर लीक की बात सामने आने के बाद इसे रद्द कर दिया गया। अंडरग्रेजुएट मेडिकल और डेंटल कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली इस प्रवेश परीक्षा में कुल 22.79 लाख छात्र शामिल हुए थे।
इन हलचलों के बीच NEET के दोबारा परीक्षा की तारीख भी घोषित कर दी गई है। शुक्रवार सुबह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने घोषणा की 21 जून को फिर से परीक्षा आयोजित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगले वर्ष से परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी। NEET परीक्षा के पिछले 13 साल में यह पहला मौका रहा जब पूरी परीक्षा रद्द करनी पड़ी है।



