Home भारत मुजफ्फरपुर में अस्पताल में आग, 4 लोगों की मौत; खिड़की-दरवाजे तोड़कर निकाले...

मुजफ्फरपुर में अस्पताल में आग, 4 लोगों की मौत; खिड़की-दरवाजे तोड़कर निकाले गए मरीज

अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद वहां से स्टाफ भाग खड़े हुए। कई परिजनों ने खुद अपने मरीजों को बचाया। घटना तड़के करीब तीन बजे की है।

Fire at Muzaffarpur hospital
फोटो- IANS (एक्स)

पटना: बिहार के मुजफ्फरपुर में गुरुवार को एक निजी अस्पताल में आग लगने से कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में लगी। इस अग्निकांड में कम से कम 20 लोगों के झुलसने की भी खबर है। प्रसाद अस्पताल में आग तड़के करीब 3 बजे लगी।

आशंका जताई जा रही है कि ये आग शॉर्ट सर्किट से लगी। फिलहाल आग लगने की वजहों पर आधिकारिक तौर पर कोई भी बात नहीं कही गई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शॉर्ट सर्किट से आग लगी। इसके बाद आईसीयू में लगे एसी में भी ब्लास्ट हुआ, जिससे आग तेजी से फैली। लोगों ने आरोप लगाया कि आग लगते हुए अस्पताल के कई कर्मचारी भाग खड़े हुए। कई परिजन खुद अपने मरीजों को स्ट्रेचर पर अस्पताल से बाहर ले जाते नजर आए।

खिड़की-दरवाजे तोड़कर निकाले गए मरीज

आग की सूचना मिलने के बाद पहुंचे दमकल कर्मियों ने आईसीयी सहित अस्पताल के दूसरे वार्डों से भी खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर फंसे मरीजों को बाहर निकाला। ICU वार्ड पांचवें फ्लोर पर है, इस वजह से भी बचाव कार्य में दिक्कत आई। मौतों का आंकड़ा बढ़ने की भी आशंका है।

कई चश्मदीदों का आरोप है कि मौत का आंकड़ा छिपाने के लिए पुलिस घटनास्थल से शवों को जल्दबाजी में लेकर चली गई। कुछ ऐसे भी परिजन हैं, जिन्होंने आरोप लगाया है कि आग की घटना के बाद वे अपने भर्ती रिश्तेदारों का पता नहीं लगा पा रहे हैं।

इस बीच मुजफ्फरपुर के जिला मजिस्ट्रेट सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की लापरवाही को लेकर उस पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ परिजन आरोप लगा रहे हैं कि उनके मरीज गायब हैं। हर पहलू की जांच की जाएगी।

मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान

इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर के अग्निकांड पर दुख जताया है। सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा, ‘मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से चार व्यक्तियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है।
शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें।’

उन्होंने आगे लिखा कि मृतकों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान प्रदान करने का निर्देश दिया गया है। स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है तथा घायलों के उपचार हेतु सदर अस्पतालों में समुचित व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें- नो एग्जिट, सीलबंद खिड़कियों और सेंसर गेट…मालवीय नगर होटल अग्निकांड में कैसे मची दहशत, अग्नि सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version