मुंबई से संदिग्ध फूड प्वाइजनिंग का एक मामला सामने आया है जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हुई है। इनमें दो बेटियां और माता-पिता शामिल हैं। अधिकारी अचानक हुई मौतों के कारणों का पता लगाने में जुटी है। स्थानीय जे जे मार्ग पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
यह घटना मुंबई के पायधोनी इलाके में हुई जहां 40 वर्षीय अब्दुल्ला दोकाडिया, उनकी पत्नी नसरीन दोकाडिया और उनकी दोनों बेटियां आयेशा और जैनब की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जांच के मुताबिक, परिवार ने शनिवार को घर पर खाना खाया था और रिश्तेदारों को भी बुलाया था।
डिनर के बाद खाया था तरबूज, फिर बिगड़ी तबीयत
समाचार एजेंसी आईएएनएस की खबर के मुताबिक, रात के खाने के बाद रिश्तेदार वापस चले गए। इसके बाद रात 1 बजे के बाद परिवार के सदस्यों ने तरबूज खाया था। इसके कुछ ही घंटों बाद तड़के परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टी और लूज मोशन की शिकायत होने लगी।
पुलिस उपायुक्त प्रवीण मुंडे ने बताया कि ” जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन में क अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। एक मुस्लिम परिवार के चार सदस्यों, पति-पत्नी और उनकी दो बेटियों की मौत हो गई है। 25 अप्रैल को उन्होंने रिश्तेदारों को घर बुलाया था और साथ में खाना खाया था। रात करीब 10:30 बजे रिश्तेदार चले गए। बाद में रात करीब 1 बजे उन्होंने तरबूज खाया। सुबह करीब 5-6 बजे उन्हें उल्टी और दस्त होने लगे।”
शवों का कराया गया पोस्टमार्टम
इलाज के दौरान सबसे पहले छोटी बेटी जैनब की सुबह करीब 10:15 बजे मौत हो गई। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे पिता अब्दुल्ला दोकाडिया ने दम तोड़ दिया। बाद में पत्नी नसरिन दोकाडिया और बड़ी बेटी आयशा की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है लेकिन मौत की असली वजह हिस्टोपैथोलॉजिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मौत (एडी) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
डीसीपी मुंडे ने कहा, “पोस्टमॉर्टम किया जा चुका है। भोजन और शरीर के नमूने लिए जा चुके हैं। आगे की जांच जारी है।”
पुलिस ने अन्य पांच मेहमानों की भी जांच की, लेकिन किसी में भी कोई लक्षण नहीं दिखे। परिणामस्वरूप, परिवार के साथ भोजन करने को फिलहाल बीमारी का कारण नहीं माना जा रहा है। जे जे मार्ग पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर रईस शेख ने बताया कि अब्दुल्ला की मौत से पहले उनका बयान दर्ज कर लिया गया था। शेख ने बताया कि अब्दुल्ला ने उन्हें बताया था कि सोने से पहले उन्होंने तरबूज खाया था।
एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने बचे हुए खाने और आधे तरबूज को कलिना स्थित फोरेंसिक प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया है। शव का पोस्टमार्टम जे जे अस्पताल में किया गया, जिसने हिस्टोपैथोलॉजिकल रिपोर्ट आने तक अपनी राय सुरक्षित रखी है। जे जे मार्ग पुलिस ने कहा कि वे फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

