नई दिल्ली: ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का अंतिम संस्कार 6 जुलाई को किया जाएगा। अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों में 28 फरवरी को मारे गए थे। आयातोल्लाह ईरान के 37 साल तक सर्वोच्च नेता रहे। उनकी मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को देश का सर्वोच्च नेता चुना गया था। ऐसी खबरें हैं कि सुरक्षा कारणों के चलते मोजतबा खामेनेई पिता अयातुल्ला अली खामेनेई के जनाजे में शामिल नहीं हो सकते हैं।
इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में भारत में ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि अयातुल्ला हकीम इलाही ने कहा कि ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में मोजतबा खामेनेई के सार्वजनिक रूप से शामिल होने की संभावना कम है क्योंकि अधिकारी उनकी सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकते।
मोजतबा खामेनेई के करीबी हकीम इलाही ने क्या बताया?
नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से तेहरान के लिए रवाना होने से पहले इलाही ने कहा कि यह फैसला पूरी तरह से सुरक्षा कारणों से लिया गया है क्योंकि ईरान इजराइल के साथ बढ़ते तनाव के बीच अंतिम संस्कार के कार्यक्रमों की तैयारी कर रहा है। बता दें कि यह कार्यक्रम एक हफ्ते तक चलेगा।
इलाही ने कहा कि ” मैं पिछले हफ्ते ईरान में था और अपने कुछ दोस्तों से मिला जो उनसे मिल चुके हैं। उन्होंने बताया कि वह बाहर आना चाहते हैं। वह लोगों से मिलना चाहते हैं। लेकिन सुरक्षा कारणों से उन्हें बाहर आने की इजाजत नहीं है। “
उन्होंने आगे कहा कि ” उन्होंने कहा कि ‘यह बहुत खतरनाक है और हम उन्हें सुरक्षा नहीं दे सकते।’ मुझे लगता है कि वह बाहर नहीं आ पाएंगे। “
इलाही के ये बयान ऐसे समय में आए हैं जब ईरान के शासक धर्मगुरु अयातुल्ला अली खामेनेई के लिए कई दिनों तक बड़े पैमाने पर अंतिम संस्कार की रस्में आयोजित करने की तैयारी कर रहे हैं। यह इस्लामिक रिपब्लिक के प्रति जनता की निष्ठा दिखाने और यह साबित करने का एक तरीका है कि उनमें क्रांतिकारी जोश अभी भी बरकरार है। युद्ध के अपने पहले हमले में अमेरिका और इजराइल की कार्रवाई में उनकी मौत हो गई थी।
इंटरव्यू के दौरान ईरान के लोगों की भावनाओं का जिक्र करते हुए इलाही ने कहा कि खामेनेई की मौत के बाद से ही देश शोक में डूबा हुआ है और कई समर्थक इस नुकसान को ऐसा मानते हैं जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।
उन्होंने कहा ” यह उनके लिए बहुत बड़ा नुकसान है। उन्हें लगता है कि उन्होंने अपनी हिम्मत और अपनी आत्मा खो दी है। उनका मानना है कि उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। “
इलाही ने कहा कि ईरान और विदेशों से लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने और दिवंगत नेता के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए आ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, “वे अपनी एकजुटता दिखाने और यह कहने आ रहे हैं कि हम आपके साथ हैं, हम आपको कभी नहीं भूलेंगे और आपके दिखाए रास्ते पर चलेंगे।”
इजराइल और अमेरिका से युद्ध के बाद इस्लामिक रिपब्लिक के प्रति समर्थन दिखाने के लिए अंतिम संस्कार के कार्यक्रमों में भारी भीड़ उमड़ेगी। खामेनेई के जनाजे में लगभग 2 करोड़ लोगों के शामिल होने का अनुमान जताया जा रहा है। शोक के कार्यक्रम कई दिनों तक चलने की उम्मीद है और खामेनेई को सुपुर्द-ए-खाक किए जाने से पहले कई शहरों में जुलूस निकाले जाएंगे।
अयातुल्ला अली खामेनेई के जनाजे में खड़गे और सलमान खुर्शीद को निमंत्रण
गौरतलब है कि क्षेत्रीय तनाव जारी रहने के बीच अंतिम संस्कार हो रहा है और ईरान का कहना है कि सुरक्षा स्थिति के बावजूद अंतरराष्ट्रीय भागीदारी जारी रहेगी।
ईरान ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद को पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। खुर्शीद कांग्रेस की ओर से तेहरान जाएंगे और खड़गे का शोक संदेश लेकर जाएंगे।
अयातुल्ला अली खामेनेई का अंतिम संस्कार इस्लामिक रिपब्लिक के 47 साल के इतिहास की सबसे अहम घटनाओं में से एक है। बता दें कि 1979 में ईरान में इस्लामिक क्रांति के दौरान शाह मोहम्मद रजा पहलवी का अंत हो गया था। इसके बाद धर्मगुरु अयातुल्लाह रुहोल्लाह खुमैनी के नेतृत्व में ईरान एक इस्लामी गणराज्य बना। दशकों तक ईरान का नेतृत्व करने वाले खामेनेई हालिया संघर्ष के शुरुआती दौर में अमेरिका और इजराइल हमलों में मारे गए थे जिससे नेतृत्व में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हुई और पूरे देश में एक हफ्ते का शोक मनाया गया।
यह भी पढ़ें – नागरिकों को क्या भारत सरकार का गुलाम बनाया जा रहा, अगर लोग प्रदर्शन करें तो केस हो जाता है: बॉम्बे हाई कोर्ट
ईरान का धार्मिक नेतृत्व तेहरान में कई दिनों तक चलने वाले अंतिम संस्कार समारोहों की तैयारी कर रहा है जिसके बाद कोम और मशहद में जुलूस निकाले जाएंगे और इराक में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी।
खामेनेई की मौत के बाद पूरे देश में शोक का माहौल है जो शहीदों को याद करने की शिया परंपरा से जुड़ा है। शहरों में काले रंग के शोक-ध्वज लगाए गए हैं और देश भर में धार्मिक सभाएं हो रही हैं जिनमें कई लोग शिया इस्लाम की सबसे सम्मानित हस्तियों में से एक इमाम हुसैन की शहादत को याद कर रहे हैं।



