Homeविश्वमेक्सिको सिटी में जेन-जी का अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ फूटा गुस्सा,...

मेक्सिको सिटी में जेन-जी का अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ फूटा गुस्सा, नेशनल पैलेस पर बोला धावा, सैकड़ों घायल

मेक्सिको की राजधानी मेक्सिको सिटी में राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम की सरकार में बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जेन-जी का गुस्सा फूट पड़ा है। रविवार को प्रदर्शनकारी नेशनल पैलेस (मेक्सिको की कार्यकारी शाखा का आसन) में घुसने की कोशिश करते हुए नजर आए। सोशल मीडिया पर कई वीडियो में जेन-जी के युवा प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ते हुए और महल में जबरन प्रवेश करने की कोशिश करते दिखे।

एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रदर्शन के दौरान हुई झड़पों में कम से कम 120 लोग घायल हुए, जिनमें से अधिकांश पुलिस अधिकारी थे। मेक्सिको सिटी सुरक्षा प्रमुख पाब्लो वाजक्वेज कैमाचो ने बताया कि कुल 100 पुलिस अधिकारी घायल हुए, जिनमें से 40 को चोट और घावों के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

ड्रग हिंसा के खिलाफ आक्रोश

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, लगभग 20 नागरिक भी घायल हुए हैं। अधिकारियों ने लूटपाट और हमले जैसे अपराधों के लिए 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति शीनबाम के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

यह विरोध प्रदर्शन जेन-जी द्वारा सोशल मीडिया पर आयोजित किया गया था, हालांकि इसमें अलग-अलग उम्र के लोगों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन का मुख्य कारण बढ़ती ड्रग हिंसा, व्यापक दंडमुक्ति और शीनबॉम की सुरक्षा नीतियों के प्रति असंतोष था।

कई प्रदर्शनकारियों ने हाल ही में मारे गए मिचोआकेन राज्य के उरुअपन के मेयर कार्लोस मंजो को श्रद्धांजलि दी, जिनकी 1 नवंबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गौरतलब है कि मंजो अपने शहर में ड्रग-तस्करी गिरोहों के खिलाफ एक अभियान चला रहे थे। प्रदर्शन में उनके समर्थक उनकी राजनीतिक आंदोलन के प्रतीक पुआल की टोपियाँ पहनकर आए थे। हालांकि, मंजो की विधवा ने खुद को इस प्रदर्शन से दूर कर लिया।

राष्ट्रपति शीनबाम ने क्या कहा?

वहीं, राष्ट्रपति शीनबाम ने इस प्रदर्शन को विदेश से प्रायोजित बताया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी निजी कारण से ‘पैसे देकर’ करवाया जा रहा है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के इरादों पर सवाल उठाए। सुरक्षा सचिव कैमाचो ने भी हिंसक समूहों की निंदा की। उन्होंने कहा कि ये समूह दूर से समर्थन पाकर हिंसा फैला रहे हैं।

मेक्सिको सिटी के सुरक्षा प्रमुख वाजक्वेज कैमाचो ने भी हिंसक घटनाओं की निंदा करते हुए कहा कि वे इन संगठित समूहों के अस्तित्व की निंदा करते हैं, जो अक्सर दूर से इन कृत्यों को मान्य, समर्थन और बढ़ावा देते हैं।

राजधानी से सामने आई तस्वीरों के मुताबिक मार्च जब शहर से होते हुए जोकालो चौक पहुँचा, तो प्रदर्शनकारियों का नागरिक सुरक्षा सचिवालय के अधिकारियों के साथ झड़प हो गई। अधिकारियों ने कहा कि 20 लोगों को गिरफ्तार कर लोक अभियोजक के सामने पेश किया गया, जबकि 20 अन्य को प्रशासनिक अपराधों के लिए हिरासत में लिया गया।

मेक्सिको के युवाओं का कहना है कि वे भ्रष्टाचार और हिंसक अपराधों से जुड़ी व्यापक व्यवस्थागत समस्याओं से निराश हैं। दुनिया के कई अन्य देशों में भी, युवा असमानता, भ्रष्टाचार और लोकतांत्रिक पतन के खिलाफ विरोध करते नजर आए हैं, जैसा कि नेपाल और बांग्लादेश में देखा गया था।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular