Home साइंस-टेक Meta ने भारत सरकार से मांगी माफी, पीएम मोदी का फेसबुक से...

Meta ने भारत सरकार से मांगी माफी, पीएम मोदी का फेसबुक से हटा था वीडियो; कंपनी ने क्या कारण बताया?

Meta apologized to the Indian government after PM Modis video was removed from Facebook
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

नई दि्ल्ली: दिग्गज टेक कंपनी मेटा ने भारत सरकार से माफी मांगी है। भारत में फेसबुक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो कुछ समय के लिए ब्लॉक हो जाने के बाद मेटा ने सरकार से माफी मांगी है। कंपनी ने इस वीडियो को हटाए जाने की वजह तकनीकी खराबी बताई है।

मेटा के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा, “यह कंटेंट गलती से हटा दिया गया था और अब इसे बहाल कर दिया गया है।”

फेसबुक से पीएम मोदी का वीडियो हटने पर सरकार गंभीर

समाचार एजेंसी आईएएनएस ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि केंद्र सरकार इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से देख रही है और इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने मेटा और इंस्टाग्राम के ग्लोबल हेड को समन किया है।

सरकार इस बात की जांच करना चाहती है कि आखिर किस वजह से प्रधानमंत्री के आधिकारिक वीडियो तक लोगों की पहुंच अचानक रोक दी गई। सरकार का मानना है कि इस तरह की घटना को हल्के में नहीं लिया जा सकता, इसलिए संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा।

गौरतलब है कि यह मामला 28 जुलाई की तड़के सामने आया जब मेटा के स्वामित्व वाले फेसबुक पर भारतीय यूजर्स कुछ समय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो नहीं देख पाए। वीडियो खोलने की कोशिश करने पर यूजर्स को एक स्वचालित संदेश दिखाई दिया, जिसमें लिखा था कि कानूनी अनुरोध के कारण भारत में इस वीडियो की पहुंच सीमित कर दी गई है। इससे सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

यह भी पढ़ें – ChatGPT को ट्रेन करने के लिए कॉपीराइट सामग्री का इस्तेमाल जायज, दिल्ली हाई कोर्ट ने OpenAI के पक्ष में सुनाया फैसला

Meta ने क्या कहा?

हालांकि, बाद में मेटा ने इस घटना पर खेद जताते हुए कहा कि यह किसी कानूनी कार्रवाई का परिणाम नहीं था, बल्कि एक तकनीकी गड़बड़ी के कारण ऐसा हुआ। कंपनी ने माफी मांगते हुए स्थिति को जल्द सामान्य कर दिया।

गौरतलब है कि यह वीडियो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सेल्फी फॉर्मेट में रिकॉर्ड किया गया संदेश था, जिसमें उन्होंने पेपर लीक विवाद और इस मुद्दे पर होने वाली केंद्रीय मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की आगामी कार्रवाई को लेकर खासतौर पर देश के जेन-जी युवाओं को संबोधित किया था।

बता दें कि यही वीडियो इंस्टाग्राम पर 24 घंटे के भीतर 300 मिलियन से अधिक बार देखा गया, जबकि फेसबुक पर कुछ समय के लिए इसकी पहुंच सीमित हो गई थी। अब इस पूरे घटनाक्रम को लेकर केंद्र सरकार की नजर मेटा की कार्यप्रणाली पर है, और माना जा रहा है कि कंपनी के अधिकारियों से इस संबंध में विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version