Home भारत भारतीय विदेश मंत्रालय ने यूक्रेनी राजदूत का किया तलब, काला सागर में...

भारतीय विदेश मंत्रालय ने यूक्रेनी राजदूत का किया तलब, काला सागर में हुई थी भारतीय नाविक की मौत

mea-summons-ukranian-envoy-indian-sailor-killed-inblack sea, भारतीय विदेश मंत्रालय
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

नई दिल्ली: काला सागर (ब्लैक सी) में एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोमवार (27 जुलाई) को यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सांद्र पोलिशचुक को तलब किया।

यह कदम MV OMORFI पर 18 जुलाई को हुए हमले के बाद उठाया गया है जिसमें चीफ ऑफिसर सागर गुप्ता की जान चली गई थी। फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने हमले में मारे गए भारतीय नाविक के तौर पर गुप्ता की पहचान की।

विदेश मंत्रालय ने उन्हें बुलाया था और उन्हें जवाहरलाल नेहरू भवन से निकलते हुए देखा गया।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने यूक्रेनी राजदूत को किया तलब

इस सिलसिले में भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, ” भारत में यूक्रेन के राजदूत डॉ. एलेक्जेंडर पोलिशचुक को कमर्शियल जहाज एमवी ओएमओआरएफआई पर हुए हमले के सिलसिले में विदेश मंत्रालय में बुलाया गया, जिसमें एक भारतीय नागरिक की दुखद मौत हो गई थी। मंत्रालय ने इस घटना पर अपनी गंभीर चिंता जताई और कमर्शियल शिपिंग पर ऐसे हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की और समुद्री नेविगेशन की सुरक्षा, नेविगेशन की आजादी और इंटरनेशनल कॉमर्स पर इनके बुरे प्रभाव पर जोर दिया।”

विदेश मंत्रालय ने कहा कि राजदूत से कहा गया कि वे यूक्रेनी अधिकारियों को कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाने पर भारत की गहरी चिंता से अवगत कराएं और दोहराया कि ऐसे काम, जिनसे बेगुनाह आम नाविकों की जान खतरे में पड़ती है, मंजूर नहीं हैं और इनसे बचना चाहिए।

इससे पहले भारतीय दूतावास ने संपर्क करने के लिए नंबर जारी किए और कहा था कि सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन किए जा रहे हैं और वह संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।

MEA ने रविवार को भी की थी पोस्ट

भारतीय दूतावास ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक बयान में कहा था, “एमवी एजीएन राग्नार से जुड़ी घटना के बाद यूक्रेन में भारतीय दूतावास स्थिति पर करीब से नजर रख रही है, जो 25 जुलाई को ओडेसा पोर्ट पर टकरा गया था। जहाज पर चार भारतीय नागरिक सवार वार थे। ताजा जानकारी के अनुसार, दो के सुरक्षित होने की पुष्टि हो गई है और बाकी दो नागरिकों के बारे में जानकारी का इंतजार है। सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहे हैं। दूतावास संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।”

भारतीय दूतावास ने संपर्क करने के लिए डिटेल्स जारी करते हुए लिखा, “भारतीय दूतावास में संपर्क करने के लिए सीओएनएसडॉटकीवएटदरेटएमईएडॉटजीओवीडॉटइन या सीओएनएस 1 डॉट कीव एट द रेट एमईए डॉट जीओवी डॉट इन पर मेल भेज सकते हैं। हमारा इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर- +380933559958 अजी कुमार, एसएस (कांसुलर) है।”

इसके अलावा, विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, 18 जुलाई को जब कमर्शियल जहाज एमवी ओएमओआरएफआई पर हमला हुआ, तो उस पर सवार 10 क्रू मेंबर्स में तीन भारतीय भी थे।

विदेश मंत्रालय ने कहा, “यह हमारे ध्यान में आया है कि 18 जुलाई को वाणिज्यिक जहाज एमवी ओमोर्फी पर काला सागर पार करते समय कथित तौर पर रूस के समुद्र क्षेत्र में हमला किया गया था। घटना के समय जहाज पर तीन भारतीय नागरिक सहित चालक दल के दस सदस्य थे।”

इसमें कहा गया है, “उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हमले में एक भारतीय नागरिक की दुखद जान चली गई। हम मृतक के शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। जहाज पर सवार अन्य दो भारतीय नागरिकों के सुरक्षित होने की सूचना है।”

यह भी पढ़ें – खबरों से आगे: राजनाथ सिंह का संदेश- पाकिस्तान से बात केवल POJK पर होगी, लेकिन इस नीति की नींव किसने रखी थी?

(IANS से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version