नई दिल्लीः दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन इलाके में शुक्रवार तड़के एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से 22 वर्षीय युवक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के समय अधिकांश निवासी सो रहे थे और देखते ही देखते धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना रात करीब 2:24 बजे मिली। तुगलकाबाद एक्सटेंशन की गली नंबर-1 स्थित ग्राउंड प्लस पांच मंजिला इमारत के भूतल पर बने पार्किंग क्षेत्र में अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग ने पार्किंग में खड़े सात दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिनमें चार्जिंग पर लगा एक इलेक्ट्रिक स्कूटर भी शामिल था।
सूचना मिलते ही गोविंदपुरी थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग के साथ तेजी से फैले घने धुएं के कारण कई निवासी इमारत के अंदर फंस गए। पुलिस और दमकल कर्मियों ने संयुक्त बचाव अभियान चलाते हुए कुल आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें सफदरजंग अस्पताल तथा एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
अधिकारियों ने क्या कहा?
अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में उपचार के दौरान 22 वर्षीय युवक और दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं दो अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
दमकल अधिकारियों के मुताबिक, धुआं सीढ़ियों और ऊपरी मंजिलों तक तेजी से फैल गया था, जिससे लोगों के बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। बचाव अभियान के दौरान दमकलकर्मी छत तक पहुंचे और वहां लगे बंद गेट को काटकर दो लड़कियों को सुरक्षित निकाला, जिन्होंने धुएं से बचने के लिए छत पर शरण ली थी। एक अन्य व्यक्ति को भी बाद में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि आग रात करीब 2:10 बजे लगी थी, लेकिन लोगों को इसकी जानकारी कुछ मिनट बाद हुई, तब तक लपटें काफी फैल चुकी थीं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने सामने वाली इमारत में फंसे लोगों की मदद के लिए साड़ी फेंकी, जिसके सहारे कुछ लोग बाहर निकलने में सफल रहे। प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वाहनों से आग शुरू होने की आशंका जताई जा रही है।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने सुबह 3:45 बजे आग पर काबू पाया और 4 बजे तक उसे पूरी तरह बुझाया गया।
गौरतलब है कि राजधानी में हाल के दिनों में आग की घटनाएं बढ़ी हैं। इससे पहले 3 जून को दक्षिण दिल्ली के हौज रानी स्थित एक गेस्ट हाउस एवं बेड-एंड-ब्रेकफास्ट सुविधा में लगी भीषण आग में 23 लोगों की मौत हो गई थी।



