Home भारत मुंबई को 400 किग्रा RDX से उड़ाने की धमकी देने वाला शख्स...

मुंबई को 400 किग्रा RDX से उड़ाने की धमकी देने वाला शख्स नोएडा से गिरफ्तार

मुंबई पुलिस को धमकी का संदेश भेजने वाले ने खुद को पाकिस्तान स्थित एक जिहादी समूह का सदस्य बताया था। उसने धमकी में ये भी दावा किया था कि 14 आतंकवादी शहर में घुस आए हैं।

0
Mumbai: Joint Commissioners of Police Satya Narayan (Law & Order) and Anil Kumbhare (Traffic) address a press briefing on security and traffic arrangements for the Ganesh Visarjan and Eid-e-Milad processions at the Commissioner of Police Office in Mumbai on Friday, September 5, 2025. (Photo: IANS)

मुंबई में 400 किलोग्राम आरडीएक्स से बड़े पैमाने पर कई जगह बम धमाके करने की धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे नोएडा से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान अश्विनी के रूप में हुई है, जो बिहार का रहने वाला है। वह पिछले करीब पांच सालों से नोएडा में रह रहा है। नोएडा पुलिस ने आरोपी को सेक्टर-113 से पकड़कर मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया।

आरोपी ने गुरुवार को मुंबई पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर एक धमकी भेजी थी। इसमें दावा किया गया था कि शहर भर में 30 से ज्यादा वाहनों में कई बम रखे गए हैं। धमकी में कहा गया था कि 400 किलोग्राम आरडीएक्स से बड़े पैमाने पर हमला करने की योजना है, जिससे एक करोड़ लोग मारे जाएंगे।

संदेश भेजने वाले ने खुद को पाकिस्तान स्थित एक जिहादी समूह का सदस्य बताया था। उसने धमकी में ये भी दावा किया था कि 14 आतंकवादी शहर में घुस आए हैं। बहरहाल, आरोपी के पास से पुलिस ने एक मोबाइल फ़ोन भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि उस व्यक्ति ने पहले खुद को एक ज्योतिषी बताया था। हालाँकि, पुलिस अभी भी पूरे मामले की जांच कर रही है।

गणेशोत्सव के बीच मिली धमकी ने बढ़ाई थी पुलिस की टेंशन

मुंबई पुलिस ने शुक्रवार सुबह धमकी के बारे में मीडिया को बताया था। पुलिस के अनुसार ‘धमकी में दावा किया गया था कि शहर भर में 34 वाहनों में 34 ‘मानव बम’ हैं और ये धमाके पूरी मुंबई को हिला देंगे।’ पुलिस के अनुसार धमकी देने वाले ने ‘लश्कर-ए-जिहादी’ का सदस्य होने का दावा किया था। धमकी में कहा गया था कि इस संगठन से 14 पाकिस्तानी आतंकवादी भारत में घुस आए हैं। धमकी भरे संदेश में आगे कहा गया था कि विस्फोट में 400 किलोग्राम आरडीएक्स का इस्तेमाल किया जाएगा।

पुलिस ने मिली धमकी के बारे में कहा था कि वो सतर्क है और पूरे राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही खतरे की सभी पहलुओं से जाँच की जा रही है। यह धमकी मुंबई में चल रहे गणेश चतुर्थी उत्सव के बीच दी गई थी। इसलिए पुलिस पर जांच का दबाव काफी ज्यादा था। आज इस उत्सव का आखिरी दिन है, जो गणेश विसर्जन के साथ समाप्त होगा।

दिल्ली-मुंबई में हाल में आई हैं कई झूठी धमकियां

पिछले कुछ महीनों में देश के बड़े शहरों में बम की झूठी धमकी के कई मामले सामने आते रहे हैं। खासकर मुंबई और ठाणे में हाल के दिनों में कई ऐसी ही झूठी धमकियां मिली हैं। इसी हफ्ते रूपेश मधुकर रणपिसे नाम के शख्स को ठाणे के एक रेलवे स्टेशन को उड़ाने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसकी उम्र 43 साल बताई गई है। जांच में पता चला कि उसने झूठी धमकी दी थी।

रणपिसे ने 1 सितंबर को कलवा रेलवे स्टेशन पर बम लगाने की धमकी दी थी। पुलिस ने जब उसे पकड़ा तो वो नशे की हालत में लग रहा था। जुलाई के आखिरी हफ्ते में भी मुंबई पुलिस को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बम धमाके की झूठी धमकी वाला कॉल आया था।

इससे पहले जनवरी में भी मुंबई के जोगेश्वरी-ओशिवारा के कई स्कूलों में बम लगाए जाने की धमकी दी गई थी। ऐसे ही दिल्ली में भी पिछले एक साल में कई बड़े स्कूलों में बम लगाए जाने की झूठी धमकी मिलती रही है।

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version