Home भारत कोलकाता में घमासान, ममता बनर्जी उतरीं सड़क पर; पुलिस से इजाजत नहीं...

कोलकाता में घमासान, ममता बनर्जी उतरीं सड़क पर; पुलिस से इजाजत नहीं मिलने के बावजूद TMC का प्रदर्शन

ममता ने प्रदर्शन के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों में से 177 सीटों पर मतगणना में गड़बड़ी करके चुनाव परिणामों को प्रभावित करने की कोशिश की गई।

Mamata Banerjee (Photo- IANS)
फोटो- IANS

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी हाल में पार्टी नेताओं पर हुए हमलों के विरोध में कोलकाता में मंगलवार को सड़क पर उतरी। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए उन्होंने भाजपा और बंगाल की मौजूदा शुभेंदु अधिकारी सरकार पर जमकर निशाना भी साधा।

यह विरोध विशेष रूप से उनके भतीजे और टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में हुए हमले को लेकर आयोजित किया गया था। जबकि इस प्रदर्शन के लिए तृणमूल को पुलिस की इजाजत नहीं मिली थी। ममता बनर्जी ने कोलकाता के एस्प्लेनेड स्थित रश्मोनी एवेन्यू में विरोध मार्च का नेतृत्व किया। इस मार्च में अभिषेक बनर्जी के अलावा मदन मित्रा और कल्याण बनर्जी भी शामिल हुए।

पुलिस से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। ऐसे में प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी पैदा हो गई जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की घटनाएं सामने आईं। इसके चलते हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।

सड़क पर तृणमूल के समर्थक

प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जब टीएमसी समर्थकों को संबोधित कर रही थीं, तब कार्यकर्ता लगातार ‘ममता बनर्जी जिंदाबाद’ के नारे लगा रहे थे।

स्थिति को नियंत्रण में रखने और किसी भी तरह के तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस की एक बड़ी टीम मौके पर तैनात की गई थी। पुलिसकर्मी पूरे प्रदर्शन के दौरान हालात पर नजर बनाए हुए थे, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।

बनर्जी ने आरोप लगाया कि चुनाव नतीजों के बाद टीएमसी को गलत तरीके से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन मंगलवार शाम तक जारी रहेंगे। ममता बनर्जी ने यह भी दावा किया कि जल्द ही भाजपा के दिन बदलेंगे और उसे भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।

प्रदर्शन से पहले ममता बनर्जी और पार्टी की अन्य नेताओं ने भारत रत्न से सम्मानित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। विरोध मार्च के लिए रवाना होने से पहले ममता बनर्जी अपने हाथ में भारतीय संविधान की एक प्रति भी पकड़ी हुई दिखाई दी।

ममता ने क्या कुछ कहा?

ममता ने प्रदर्शन के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों में से 177 सीटों पर मतगणना में गड़बड़ी करके चुनाव परिणामों को प्रभावित करने की कोशिश की गई। ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि बंगाल में टीएमसी नेताओं को पुलिस के जरिए धमकाया जा रहा है।

ममता ने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर भी निशाना साधा। ममता ने कहा, ‘मुझे इस बात का दुख है कि जिन लोगों को मैंने जीवन में आगे बढ़ने का अवसर दिया, वे आज गद्दारों के साथ खड़े हो गए हैं।’

टीएमसी प्रमुख ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा, ‘अगर वे चाहें तो मुझे गिरफ्तार कर लें।’ उन्होंने कहा कि यदि उन्हें कोलकाता में विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाती है, तो वह अपना विरोध दर्ज कराने के लिए दिल्ली तक जाएंगी। ममता बनर्जी ने यह भी कहा था कि यदि अन्य राजनीतिक दलों को उसी स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दी जाती है, जहां टीएमसी को प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी गई, तो वह इस मामले को अदालत में चुनौती देंगी।

इससे पहले ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा था, ‘पुलिस एक राजनीतिक दल को तोड़ने की कोशिश कर रही है। अगर आप मुझे यहां लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन नहीं करने देंगे, तो मैं दिल्ली जाऊंगी। हमारी INDIA ब्लॉक की बैठक भी है।’

तृणमूल क्यों कर रही प्रदर्शन?

टीएमसी का यह प्रदर्शन मुख्य रूप से चुनाव बाद हिंसा से जुड़ी घटनाओं और पार्टी नेताओं पर कथित रूप से किए जा रहे लक्षित हमलों के विरोध में आयोजित किया गया था। गौरतलब है कि हाल में दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में एक पार्टी कार्यकर्ता के घर जाने के दौरान अभिषेक बनर्जी पर कथित हमले के बाद राजनीतिक तनाव काफी बढ़ गया था। ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा था कि भाजपा उनकी पार्टी में टूट-फूट कराने के लिए “पैसे और सत्ता की ताकत” का इस्तेमाल कर रही है और नेताओं को दल बदलने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- यूपी में बिजली उपभोक्ताओं को राहत, 10% फ्यूल सरचार्ज पर फिलहाल रोक, नियामक आयोग ने UPPCL से मांगा जवाब

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version