Home भारत महाराष्ट्र में मराठी नहीं पढ़ाने वाले स्कूलों पर लगेगा 1 लाख का...

महाराष्ट्र में मराठी नहीं पढ़ाने वाले स्कूलों पर लगेगा 1 लाख का जुर्माना, मान्यता भी हो सकती है रद्द

नए नियम के अनुसार, उल्लंघन करने वाले स्कूलों को पहले नोटिस दिया जाएगा और 15 दिनों के भीतर जवाब मांगा जाएगा। अगर जवाब संतोषजनक नहीं होता, तो स्कूल प्रबंधन पर एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

0
devendra fadnavis, marathi language,
मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस। फोटोः IANS

महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के उन स्कूलों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है जो कक्षा 1 से 10वीं तक मराठी भाषा नहीं पढ़ा रहे हैं। सरकार ने साफ कर दिया है कि राज्य के सभी स्कूलों में कक्षा 1 से 10 तक मराठी पढ़ाना अनिवार्य है। अगर कोई स्कूल नियम का उल्लंघन करता है तो उसपर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर उनकी मान्यता भी रद्द की जा सकती है।

आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, स्कूल शिक्षा विभाग ने इसके लिए विस्तृत प्रक्रिया तय करते हुए सरकारी आदेश (जीआर) जारी किया है। विभाग के मुताबिक, शैक्षणिक वर्ष 2020-21 से ही ‘महाराष्ट्र अनिवार्य शिक्षण और मराठी भाषा अधिगम अधिनियम, 2020’ के तहत मराठी को अनिवार्य विषय बनाया गया था, लेकिन कई स्कूल अब भी इसका पालन नहीं कर रहे हैं।

कैसे होगी कार्रवाई

नए नियम के अनुसार, उल्लंघन करने वाले स्कूलों को पहले नोटिस दिया जाएगा और 15 दिनों के भीतर जवाब मांगा जाएगा। अगर जवाब संतोषजनक नहीं होता, तो स्कूल प्रबंधन पर एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। साथ ही स्कूलों को अगले शैक्षणिक सत्र से मराठी विषय शुरू करना अनिवार्य होगा।

अगर इसके बाद भी नियमों का पालन नहीं किया गया, तो स्कूल के खिलाफ मान्यता रद्द करने जैसी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, स्कूलों को फैसले के खिलाफ 30 दिनों के भीतर अपील करने का मौका भी दिया जाएगा। अंतिम निर्णय स्कूल शिक्षा आयुक्त स्तर पर सुनवाई के बाद तीन महीने के भीतर लिया जाएगा।

सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य राज्य के सभी स्कूलों में मराठी भाषा की पढ़ाई को प्रभावी ढंग से लागू करना है।

ये भी पढ़ेंः लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक गिरा, पक्ष-विपक्ष में कितने पड़े वोट?

गौरतलब है कि हाल ही में महाराष्ट्र सरकार ने टैक्सी और ऑटो चालकों के लिए भी मराठी भाषा को अनिवार्य किया था, जिस पर राजनीतिक विवाद हुआ था। कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने इस फैसले की आलोचना करते हुए इसे गरीबों पर बोझ डालने वाला कदम बताया था और आरोप लगाया था कि इससे वसूली बढ़ेगी।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version