Home भारत महाराष्ट्र निकाय चुनाव: फिर एक हुआ ‘पवार परिवार’, पिंपरी-चिंचवड़ में ‘घड़ी’ और...

महाराष्ट्र निकाय चुनाव: फिर एक हुआ ‘पवार परिवार’, पिंपरी-चिंचवड़ में ‘घड़ी’ और ‘तुतारी’ मिलकर लड़ेंगे चुनाव

महाराष्ट्र के आगामी निकाय चुनावों से पहले राज्य की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजीत पवार ने रविवार को घोषणा की कि पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम के चुनाव के लिए उनकी पार्टी और उनके चाचा शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के बीच गठबंधन हो गया है।

0
BMC elections, Brihanmumbai Municipal Corporation, ajit pawar, sharad pawar,

महाराष्ट्र में होने वाले नगर निकाय चुनाव से पहले नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार ने रविवार को ऐलान किया कि पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (पीसीएमसी) चुनाव में उनकी पार्टी और शरद पवार के नेतृत्व वाला एनसीपी (शरदचंद्र पवार) गुट मिलकर चुनाव लड़ेगा। अजित पवार ने भावुक लहजे में इसे पारिवारिक एकता बताते हुए कहा कि चुनाव के लिए पवार परिवार फिर एक साथ आ गया है।

पिंपरी-चिंचवड़ में चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अजित पवार ने कहा, “इन नगर निगम चुनावों के लिए ‘घड़ी’ और ‘तुतारी’ एक साथ आ गए हैं। परिवार एकजुट हो गया है।” उनके इस घोषणा का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया।

उम्मीदवार चयन के दौरान हुआ फैसला

अजित पवार ने स्पष्ट किया कि यह फैसला पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देते समय लिया गया। उन्होंने कहा कि दोनों गुटों के बीच सीट बंटवारे को लेकर स्थानीय स्तर पर बातचीत चल रही है और जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे चुनाव प्रचार के दौरान केवल विकास के मुद्दों पर ध्यान दें और किसी भी तरह के विवादित बयान से बचें, ताकि गठबंधन को नुकसान न पहुंचे।

इस गठबंधन को विकास-केंद्रित बताते हुए अजित पवार ने कहा, “हम विकास के लिए काम करने वाले लोग हैं। जिन लोगों ने नगर निगम पर कर्ज का बोझ डालने की कोशिश की, उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव में उतरने और निर्णायक जनादेश हासिल करने का आह्वान किया।

पुणे में भी गठबंधन की संभावना

पिंपरी-चिंचवड़ के अलावा पुणे नगर निगम चुनाव को लेकर भी दोनों एनसीपी गुटों के बीच बातचीत जारी है। माना जा रहा है कि अगर सहमति बनी, तो यह सहयोग राज्य के अन्य बड़े नगर निकायों तक भी बढ़ सकता है।

इस राजनीतिक घोषणा से पहले रविवार को पवार परिवार बारामती में एक कार्यक्रम में भी एक साथ नजर आया, जहां उद्योगपति गौतम अडानी ने शरदचंद्र पवार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उद्घाटन किया। इसे भी पवार परिवार के बीच बढ़ती नजदीकी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

उधर, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने सीट बंटवारे को लेकर बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि महायुति गठबंधन में अब तक 207 सीटों पर सहमति बन चुकी है। इनमें से 128 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी चुनाव लड़ेगी, जबकि शिवसेना 79 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

अमित साटम के मुताबिक, शेष 20 सीटों को लेकर अभी बातचीत जारी है और इन पर फैसला उम्मीदवारों की स्थिति और स्थानीय समीकरणों को देखते हुए लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन में तालमेल बना हुआ है और जल्द ही बाकी सीटों पर भी सहमति बन जाने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों, जिनमें पिंपरी-चिंचवड़ और पुणे शामिल हैं, के चुनाव 15 जनवरी को होंगे। मतगणना 16 जनवरी को की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 30 दिसंबर है। हालांकि, मुंबई में तस्वीर अलग है। एनसीपी ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव के लिए 37 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, जिससे संकेत मिलता है कि राज्य की राजधानी में पार्टी फिलहाल अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी में है।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version