भोपालः आमिर खान की चर्चित फिल्म ‘लापता लेडीज’ में नजर आए अभिनेता सतेंद्र सोनी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा कर फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों के साथ होने वाले कथित शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। वीडियो में रोते हुए अभिनेता ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें तय पारिश्रमिक नहीं दिया गया और जब उन्होंने अपने पैसे मांगे तो निर्माता-निर्देशक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
सतेंद्र सोनी के आरोप सामने आने के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) भी उनके समर्थन में उतर आया है। संगठन ने मध्य प्रदेश सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अभिनेता के आरोपों के आधार पर निर्माता और निर्देशक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
क्या हैं अभिनेता के आरोप?
सतेंद्र सोनी ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो और पोस्ट में बताया कि वह मध्य प्रदेश के मैहर में ‘पेड पालकी’ नामक फिल्म की शूटिंग के लिए गए थे। उनके मुताबिक, फिल्म के निर्देशक और निर्माता पुष्पेंद्र सिंह हैं, जिन्होंने इससे पहले ‘अजमेर 92’ बनाई थी।
अभिनेता का कहना है कि उन्हें 10 दिनों की शूटिंग करनी थी। शूटिंग शुरू होने से पहले उन्हें 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे और बाकी भुगतान शूटिंग के दौरान करने का वादा किया गया था। लेकिन सात-आठ दिन तक काम कराने के बावजूद उन्हें एक भी रुपया नहीं दिया गया।
सतेंद्र का दावा है कि शूटिंग यूनिट में कई अन्य लोग भी भुगतान न मिलने की शिकायत कर रहे थे। जब उन्होंने अपना बकाया मांगा तो उन्हें तुरंत होटल छोड़ने के लिए कहा गया।
सतेंद्र सोनी ने आरोप लगाया कि भुगतान मांगने पर निर्माता पुष्पेंद्र सिंह ने उन्हें धमकी दी कि 10 मिनट के भीतर होटल खाली कर दें, वरना उन्हें जान से मार दिया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म की अभिनेत्री प्रगति चौहान ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गालियां दीं।
अभिनेता ने कहा कि धमकियों के कारण वह डर गए और जल्दबाजी में होटल छोड़ दिया। उन्होंने यह भी कहा कि उस समय अभिनेता श्रीधर दुबे और पंकज शर्मा भी उनके साथ मौजूद थे।
सिने वर्कर्स एसोसिएशन की सरकार से FIR की मांग
सतेंद्र सोनी का वीडियो वायरल होने के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि अगर आरोप सही हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है।
संगठन ने कहा कि अक्सर कलाकारों और तकनीशियनों को काम का लालच देकर शूटिंग के लिए बुलाया जाता है, लेकिन बाद में उन्हें समय पर भुगतान नहीं किया जाता। कई मामलों में पैसे मांगने पर उन्हें डराने-धमकाने के आरोप भी सामने आते हैं।
एसोसिएशन ने कहा कि हर कलाकार और फिल्म कर्मचारी सम्मान, समय पर भुगतान और सुरक्षित कार्य वातावरण का हकदार है। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से हस्तक्षेप करने की अपील करते हुए कहा कि अभिनेता के आरोपों के आधार पर निर्माता और निर्देशक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही मध्य प्रदेश में काम करने वाले सभी फिल्म कलाकारों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
सत्येंद्र कई फिल्मों में कर चुके हैं काम
सतेंद्र सोनी भले ही मुख्य भूमिकाओं में नजर नहीं आए हों, लेकिन उन्होंने कई चर्चित फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स में काम किया है। इनमें ‘लापता लेडीज’, ‘डॉक्टर जी’, ‘बवाल’, ‘रात अकेली है’ और टीवी शो ‘हेलो बच्चों’ शामिल हैं।
हालांकि, इस पूरे मामले में जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अभिनेता के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



