Home भारत केरल में भारी बारिश के चलते 8 लोगों की मौत, कई लापता;...

केरल में भारी बारिश के चलते 8 लोगों की मौत, कई लापता; मुख्यमंत्री ने दिया मदद का आश्वासन

kerala-huge-rain-causes-casualties-several-dead-many-missed-cm-satheesan assure assistance, केरल
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

तिरुवनंतपुरम: केरल में शनिवार (1 अगस्त) को भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई। इसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल रहे। इस दौरान दर्जनों घर नष्ट हो गए जबकि अधिकारी हाई अलर्ट पर रहे। केरल में बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, निचले इलाकों में बाढ़ आ गई और बड़े पैमाने पर तबाही हुई।

मुख्यमंत्री वीडी सतीशान ने रविवार (2 अगस्त) को पुष्टि की कि राज्य में बारिश से संबंधित आपदाओं में अब तक आठ लोगों की जान जा चुकी है और 13 लोग घायल हुए हैं, जबकि आठ लोग अभी भी लापता हैं। उन्होंने परिवार के सदस्यों, घरों और आजीविका खोने वालों के लिए वित्तीय सहायता का आश्वासन भी दिया।

केरल में भारी बारिश का कहर, आठ की मौत

केरल के मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “राज्य में भारी बारिश से हुई आपदा के संबंध में राजस्व मंत्री, जिलों के लिए जिम्मेदार मंत्रियों और जिला प्रशासनों के साथ बातचीत जारी है।”

उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सफाई अभियान शुरू हो गया है और उन्होंने राजनीतिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवी संगठनों से सफाई प्रयासों में भाग लेने का आग्रह किया। सरकार की ओर से पूरा समर्थन प्रदान किया जाएगा।”

इसके अलावा, मुख्यमंत्री सतीशन ने कहा, “नवीनतम आंकड़ों के अनुसार 5792 लोगों को 209 राहत शिविरों में स्थानांतरित किया गया है। 27 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं और 196 घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है।”

उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार मृतकों के परिवारों और उन लोगों को सहायता सुनिश्चित करेगी जिन्होंने अपने घर और आजीविका खो दी है।

मुख्यमंत्री सतीशान ने कहा, “पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्कता जारी रखनी होगी। हालांकि बारिश की मात्रा कम हो गई है, लेकिन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जनप्रतिनिधि और स्वयंसेवी कार्यकर्ता राहत कार्यों में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं। किसी भी जरूरत के लिए सरकारी व्यवस्थाओं से संपर्क किया जा सकता है।”

Group of workers in bright orange uniforms and helmets using ropes on a muddy hillside during a rescue operation.
केरल में भारी बारिश के बाद राहत और बचाव कार्य जारी

IMD ने जारी की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस बीच केरल के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में इन जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इनमें पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में भारी बारिश और अचानक बाढ़, भूस्खलन और सड़क और पड़ोस में बाढ़ की संभावना की चेतावनी दी है।

इसके अलावा केरल राज्य विद्युत बोर्ड (KSEB) के अंतर्गत आने वाले बांधों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं। इनमें मूझियार, कल्लारकुट्टी, एराट्टयार, लोअर पेरियार और पेरिंगलकुट्टू बांधों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कुट्टयाडी बांध के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इससे पहले शनिवार सुबह आईएमडी ने पथानामथिट्टा, इडुक्की और केरल के अन्य जिलों के लिए औपचारिक रूप से रेड अलर्ट जारी किया था। लेकिन तब तक भारी बारिश ने क्षेत्र में तबाही मचा दी थी और आपदा का रूप ले लिया था।

यह भी पढ़ें – मायावती ने भतीजे आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ को हमेशा के लिए पार्टी से निकाला बाहर, रणधीर सिंह बेनीवाल भी निष्कासित

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version