Tuesday, April 14, 2026
Homeभारतकेरलः बीडीएस छात्र ने छत से कूदकर दी जान, जातिगत दुर्व्यवहार का...

केरलः बीडीएस छात्र ने छत से कूदकर दी जान, जातिगत दुर्व्यवहार का आरोप

केरल के एक डेंटल कॉलेज में छात्र ने कथित तौर पर छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। परिवार ने जातिगत दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है।

तिरुवनंतपुरमः केरल के कन्नूर डेंटल कॉलेज के एक फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट ने कथित तौर पर छत से कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक छात्र के परिवार वालों का आरोप है कि फैकल्टी मेंबर ने उसके साथ जातिगत दुर्व्यवहार किया, उसे धमकियां दीं और भावनात्मक उत्पीड़न किया। केरल पुलिस ने फैक्ल्टी मेंबर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं विभाग ने दो टीचर्स को सस्पेंड भी किया है।

मृतक की पहचान नितिन राज आरएल के रूप में हुई है, जो तिरुवनंतपुरम के उझामलक्कल का रहने वाला था। वो कन्नूर के अंजराकंडी में स्थित कॉलेज में बीडीएस फर्स्ट ईयर का छात्र था। पुलिस के अनुसार, राज 10 अप्रैल की दोपहर को मेडिकल कॉलेज ब्लॉक के पास इमारत से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया और इलाज दिया गया, लेकिन बाद में उसने दम तोड़ दिया।

कॉलेज प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना के बाद कॉलेज ने आंतरिक जांच शुरू की और शनिवार, 11 अप्रैल को डेंटल एनाटॉमी विभाग के प्रमुख एमके राम और एसोसिएट प्रोफेसर केटी संगीता नाम्बियार को निलंबित कर दिया। राज के परिवार ने दावा किया है कि उनके बच्चे को फैकल्टी मेंबरस् द्वारा उसकी जातिगत पहचान, रंग और आर्थिक पृष्ठभूमि के आधार पर भावनात्मक और मौखिक उत्पीड़न का शिकार बनाया गया था।

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, राज की बहन निकिता ने दावा किया कि एक बार कक्षा में एक शिक्षक ने अन्य छात्रों के सामने उसे “सड़ा हुआ कुत्ता” कहा था। उन्होंने कहा, “वह हमें इस तरह के भेदभाव और उत्पीड़न के बारे में नियमित रूप से बताया करता था। एक बार उन्हें स्टाफ रूम में बुलाया गया, जहां उसके साथ गंभीर दुर्व्यवहार किया गया।”

निकिता ने आगे बताया कि राज ने कॉलेज के प्रधानाचार्य के पास शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने ने कहा, “एक बार जब उत्पीड़न असहनीय हो गया, तो उसने प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद मौखिक दुर्व्यवहार और भी बढ़ गया।”

राज के पिता राजन ने पत्रकारों को बताया कि शिक्षकों ने कथित तौर पर उनके बेटे को शैक्षणिक रूप से नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी।

दोस्तों को भेजा था ऑडियो संदेश

चक्कराक्कल पुलिस ने पुष्टि की है कि राज ने अपने दोस्तों को एक ऑडियो संदेश भेजा था जिसमें उसने संकाय सदस्यों द्वारा उत्पीड़न का आरोप लगाया था, जिसमें शारीरिक हमले की धमकियां और शैक्षणिक परिणाम शामिल थे। उन्होंने कहा कि घटना की विस्तृत जांच चल रही है और डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

पुलिस ने आगे बताया कि राज के सहपाठियों, कॉलेज अधिकारियों और परिवार के सदस्यों के बयान भी जल्द ही दर्ज किए जाएंगे। इधर राज का शव रविवार को तिरुवनंतपुरम स्थित उनके आवास पर लाया गया और परिवार की स्वामित्व वाली जमीन पर दफना दिया गया। कई नेताओं ने इस मौत की निंदा की और घटना की विस्तृत जांच की मांग की। कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने राज की मौत की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा,

सरकार को छात्र के माता-पिता और रिश्तेदारों द्वारा लगाए गए उन आरोपों को गंभीरता से लेना चाहिए। दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।

केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशान ने भी मामले की गहन जांच की मांग की है।

अमरेन्द्र यादव
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

राकेश मूथा फेस बुक पर Rakesh Kamla Mutha on कहानीः गैंगरीन